The Voice of Bareilly since 2010

हेग में बोले पीएम मोदी-पासपोर्ट का रंग बदलने से नहीं बदलते खून के रिश्ते

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीहेग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी विदेश यात्रा के अंतिम पड़ाव में अमेरिका के बाद नीदरलैण्ड पहुंच गये। वहां उन्होंने विभिन्न समझौतों पर हस्ताक्षर के अलावा भारतीय समुदाय के लोगों को भी सम्बोधित किया। मंगलवार को नीदरलैंड के हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि पासपोर्ट का रंग बदलने से खून के रिश्ते नहीं बदलते हैं।

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत ‘का हाल बा’ कहकर की। इस मौके पर करीब तीन हजार भारतीय मौजूद थे। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे पूर्वज एक ही हैं।

मोदी ने कहा कि हर हिंदुस्तानी हर कोने में राष्ट्रदूत की तरह है। सालों बाद भी भारतीय प्रवासी के दिल में देश जिंदा है। कहा कि दुनिया के सभी संप्रदायों को भारत में पूरा गौरव मिलता है। लोगों को भारत की अनेकता में एकता देखकर आश्चर्य होता है।

पीएम मोदी ने कहा-हिंदुस्तान में 100 भाषाएं और 1700 से अधिक बोलियां हैं। जब दुनिया को इसके बारे में पता चलता है तो उन्हें आश्चर्य होता है कि कैसे 100 भाषाओं के बीच जी रहे हैं। कोई भी हिंदुस्तानी दुनिया में गर्व के साथ खड़ा हो सकता है कि मेरा देश विविधताओं से भरा हुआ है।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन देशों के विदेश दौरे के अंतिम दौर में हैं। वे आज ही अपनी अमेरिका यात्रा समाप्त कर नीदरलैंड पहुंचे हैं। ये उनका अंतिम पड़ाव होगा। इसके बाद वे आज ही स्वदेश के लिए रवाना हो जाएंगे।

एजेन्सी

error: Content is protected !!