The Voice of Bareilly since 2010

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए तीन राज्यों में गठित की समितियां

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने इन समितियों के गठन को स्वीकृति प्रदान कर दी है।

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव-2019 के मद्देनजर कांग्रेस ने गुजरात, गोवा और पुडुचेरी के लिए समन्वय समिति और चुनाव प्रचार समिति सहित कई समितियों का गठन किया है। इन समितियों में राज्यों से जुड़े पार्टी के तकरीबन सभी वरिष्ठ नेताओं को जगह दी गई है। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से मंगलवार को जारी बयान के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इन समितियों के गठन को स्वीकृति प्रदान कर दी है।

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लिए 15 उपाध्यक्षों, 18 महासचिवों, 68 सचिवों की नियुक्त करने के साथ ही कार्यकारी समिति का गठन किया गया है जिसमें 11 सदस्य, 14 स्थायी आमंत्रित सदस्य होंगे। राज्य इकाई के सभी आनुषांगिक संगठनों के प्रमुख इसके विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे।

गोवा के लिए 16 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति, नौ सदस्यीय समन्वय समिति, 24 सदस्यीय चुनाव प्रचार समिति, 16 सदस्यीय प्रचार समिति और आठ सदस्यीय मीडिया समन्वय समिति का गठन किया है।

केंद्र शासित क्षेत्र पुडुचेरी के लिए 21 सदस्यीय समन्वय समिति, 15 सदस्यीय समन्वय समिति, 26 सदस्यीय चुनाव प्रचार समिति, 25 सदस्यीय प्रचार समिति, 26 सदस्यीय मीडिया समन्वय समिति और पांच सदस्यीय चुनाव प्रबंधन टीम का गठन किया गया है।

कांग्रेस ने गुजरात के लिए 36 सदस्यीय समन्वय समिति का गठन किया है। इसके अध्यक्ष प्रदेश प्रभारी राजीव सातव बनाए गए हैं। इसमें अहमद पटेल, मधुसूधन मिस्त्री, शक्ति सिंह गोहिल, परेश धनानी तथा कई अन्य वरिष्ठ नेताओं को स्थान मिला है। गुजरात के लिए 28 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति, 43 सदस्यीय चुनाव प्रचार समिति, 29 सदस्यीय प्रचार समिति, 17 सदस्यीय मीडिया समन्वय समिति, नौ सदस्यीय चुनाव प्रबंधन समिति और 24 सदस्यीय घोषणापत्र समिति का गठन किया गया है।

error: Content is protected !!