नई दिल्ली। भारत में कोरोना की दूसरी लहर वक्त गुजरने के साथ तेज़ होती जा रही है। पिछले करीब एक सप्ताह से रोजाना 3 लाख से अधिक मामले दर्ज किए जा रहे हैं लेकिन बीते 24 घंटों में भारत में पहली बार 3 हजार से अधिक मौतें दर्ज की गई हैं। एक तरफ कोरोना की ये बढ़ती रफ्तार है तो दूसरी ओर अस्पतालों का हाल, जो डराने वाला है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में भारत में कोरोना संक्रमण के करीब 3 लाख 62 हजार 757  नए केस दर्ज किए गए जबकि 3293 लोगों की मौत हुई। इसी के साथ भारत में कुल मौतों का आंकड़ा भी दो लाख को पार कर गया है। भारत दुनिया का चौथा देश है, जहां इस महामारी के चलते 2 लाख से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। राहत की बात यह है कि इस बीच 2 लाख 62 हजार 39 लोग ठीक भी हुए। रिकवरी का यह आंकड़ा भी सबसे अधिक है।

महाराष्ट्र में 66 हजार से ज्यादा मरीज मिले

मंगलवार को महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 66,358 नए मरीज मिले। इसके पहले सोमवार को यहां 48 हजार संक्रमितों की पहचान हुई थी। वहीं, केरल, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश ऐसे राज्य हैं जहां पिछले 24 घंटे में 30 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित मिले। उत्तर प्रदेश में 32,921, केरल में 32,819 और कर्नाटक में 31,830 संक्रमित पाए गए।

शहरों में बेंगलुरु सबसे ज्यादा संक्रमित

अगर अलग-अलग शहरों के हिसाब से देखें तो इस समय सबसे ज्यादा मरीज बेंगलुरु में हैं। यहां एक्टिव मरीजों की संख्या 2 लाख 6 हजार 223 है। अब तक इस शहर में 6 लाख 87 हजार 751 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें से 4 लाख 75 हजार 525 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 6,002 मरीजों की मौत हो चुकी है। देश में दूसरे नंबर पर पुणे है। यहां 1 लाख 4 हजार 561 एक्टिव केस हैं जबकि दिल्ली में 98,264 एक्टिव केस हैं।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को 24,149 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए, 17,862 लोग ठीक हुए और 381 की मौत हो गई। अब तक 10 लाख 72 हजार लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9 लाख 58 हजार ठीक हो चुके हैं जबकि 15,009 मरीजों की मौत हो चुकी है। 98,264 लोगों का इलाज चल रहा है।

error: Content is protected !!