देहरादून@BareillyLive: उत्तराखंड में मॉनसून ने भयावह रूप ले लिया है। भारी बारिश के कारण नदियाँ और नाले उफान पर हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में बादल फटने की घटनाओं ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने आज एक बार फिर भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है और लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है। इस बीच, रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए केदारनाथ यात्रा को 14 अगस्त तक अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया है।
रुद्रप्रयाग DM की महत्वपूर्ण अपील
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने तीर्थयात्रियों के लिए एक आवश्यक एडवाइजरी जारी की है। इसमें यात्रियों से मौसम की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए केदारनाथ यात्रा से बचने का अनुरोध किया गया है। DM ने बताया कि देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र ने 12, 13 और 14 अगस्त को रुद्रप्रयाग सहित राज्य के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। उन्होंने कहा, “तीर्थयात्रियों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए केदारनाथ धाम की यात्रा को अगले तीन दिनों तक स्थगित किया गया है।”
आपदा प्रबंधन के लिए पुख्ता इंतजाम
जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों के अनुसार सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। चेतावनी प्रणाली की जाँच पूरी कर ली गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग के जोखिम वाले क्षेत्रों में 24 घंटे जेसीबी और पोकलैंड मशीनें तैनात की गई हैं, ताकि सड़क मार्ग अवरुद्ध होने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। साथ ही, नदियों के जलस्तर पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है और नदी किनारे रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।









