नई दिल्ली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में पिछले 9 हफ्ते से भर्ती पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तबियत बेहद खराब बनी हुई है। उनकी हालत गंभीर है। उनकी सेहत में कोई सुधार नहीं हुआ है. गुरुवार सुबह 11 बजे एम्स की तरफ से जारी किए गए दूसरे मेडिकल बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। बताया जा रहा है कि थोड़ी देर में अटल बिहारी वाजपेयी के स्वास्थ्य को लेकर तीसरा मेडिकल बुलेटिन जारी किया जा सकता है। वहीं, एम्स से कृष्णा मेनन मार्ग तक का रास्ता खाली करा दिया गया है।
वहीं, दोपहर करीब 11 बजे के बाद फारुक अब्दुल्ला, अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया भी अटल बिहारी वाजपेयी का हालचाल जानने के लिए एम्स पहुंचे।
इससे पहले गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे अचानक एम्स के बाहर से भीड़ को हटा दिया गया और मीडियाकर्मियों को एम्स के अंदर आने के लिए कह दिया गया। एम्स के बाहर से पुलिस की तरफ से गाडि़यों को हटा दिया गया। सबसे पहले अटलजी के स्वास्थ्य की जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय को दी गई. उधर, बीजेपी ने अपने आज के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। वहीं, कृष्णा मेनन मार्ग स्थित वाजपेयी के आवास पर उनका परिवार और रिश्तेदार मौजूद हैं। दिल्ली पुलिस के आला अफसर उनके घर पहुंचे हैं।
उनकी तबियत बुधवार को ज्यादा बिगड़ गई थी। एम्स की तरफ से बुधवार रात को जारी मेडिकल बुलेटिन में बताया गया था कि पिछले 24 घंटों में पूर्व प्रधानमंत्री की तबियत ज्यादा बिगड़ गई थी और उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था। उनकी यूरिन इंफेक्शन और सांस लेने में तकलीफ की समस्या बढ़ गई थी। अटल बिहारी वाजपेयी के बेहद खराब स्वास्थ्य के चलते एम्स में सुबह से ही अमित शाह, राजनाथ सिंह समेत जेपी नड्डा, प्रकाश जावड़ेकर, विजय गोयल और अन्य कई बड़े नेता एम्स में मौजूद रहे।









Prashant sharma
Sahii ho jayenge hamare purv pradhanmantri