The Voice of Bareilly since 2010

महामारी : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को भी कोरोना वायरस संक्रमण

चंडीगढ़। कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में आने वाले राजनेताओं में एक और नाम शामिल हो गया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने खुद ट्वीट कर यह जानकारी दी। वह इस महामारी की चपेट में आने वाले देश के पहले मुख्यमंत्री हैं। हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता की कोरोना वायरस रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अपने ट्वीट में लिखा, “आज (सोमवार) मेरा कोरोना टेस्ट किया गया था। मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं अपने सभी सहकर्मियों और सहयोगियों से अपील करता हूं कि अगर वे मेरे संपर्क में आए हैं तो अपना टेस्ट करवाएं। मैं अपने करीबियों से अपील करता हूं कि वे तुरंत खुद को क्वारंटीन कर लें।”

मनोहर लाल खट्टर हाल ही में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मिले थे। शेखावत के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद खट्टर ने खुद को क्वारंटीन कर लिया था। इसी क्रम में उनका कोरोना वायरस टेस्ट करवाया गया है। 20 अगस्त को भी मनोहर लाल खट्टर ने कोरोना टेस्ट करवाया था जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी लेकिन उन्होंने खुद को तीन दिन के क्वारंटीन में रखा था।

गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ हुई इस मीटिंग में हरियाणा के खट्टर के अलावा कई अधिकारी भी शामिल हुए थे। शेखावत की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्होंने भी लोगों से अपील की थी कि उनके संपर्क में आए लोग खुद को क्वारंटीन कर लें और अपना कोरोना टेस्ट करवाएं। शेखावत फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं।
हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही हरियाणा विधानसभा में 330 अन्य लोगों के टेस्ट किए गए हैं। इससे पहले रविवार को विधानसभा के 6 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। आगामी 26 अगस्त से हरियाणा विधानसभा के मॉनसून सत्र का आगाज होने वाला था।

error: Content is protected !!