The Voice of Bareilly since 2010

चीनी हैकरों के निशाने पर कोरोना वैक्सीन बनाने वाली भारतीय कंपनियां

नई दिल्ली। कोरोना वैक्सीन बनाने वाली भारतीय कंपनियां चीनी हैकरों के निशाने पर हैं। एक चीन समर्थित हैकिंग समूह ने हाल के दिनों में कोरोना वैक्सीन बनाने वाली दो भारतीय कंपनियों के आइटी सिस्टम को निशाना बनाने का प्रयास किया। इनमें भारत बायोटेक और सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) शामिल हैं। समाचार एजेंसी रायटर्स ने साइबर इंटेलीजेंस फर्म साइफिरमा के हवाले से यह जानकारी दी है। हैकरों ने कंपनियों की आइटी सिक्योरिटी में सेंध लगाने की कोशिश की। गौरतलब है कि चीनी हैकरों ने गलवान घाटी झड़प के दौर मुंबई के बिजली नेटवर्क को निशाना बनाया था जिससे भारत की इस आर्थिक राजधानी में 9 से 12 घंटे आपूर्ति ठप रही।

सिंगापुर और टोक्यो में स्थित गोल्डमैन सैक्स समर्थित साइफिरमा ने बताया कि चीनी हैकिंग समूह APT10, जिसे स्टोन पांडा के नाम से भी जाना जाता है, ने भारत के बायोटेक और सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII, एसआईआई) के आईटी इन्फ्रास्ट्रक्चर और सप्लाई चेन सॉफ्टवेयर की कमजोरियों का पता लगाने की कोशिश की थी। एसआईआई कई देशों के लिए एस्ट्राजेनेका वैक्सीन बना रहा है और जल्द ही नोवाक्सैक्स शॉट्स का निर्माण शुरू कर देगा। गौरतलब है कि भारत और चीन दोनों देश विभिन्न देशों को कोरोना वैक्सीन उपलब्ध करवा रहे हैं। भारत दुनियाभर में बिकने वाले सभी टीकों का 60 प्रतिशत से अधिक उत्पादन करता है।

error: Content is protected !!