The Voice of Bareilly since 2010

लॉकडाउन : महावीर जयंती और गुड फ्राइडे पर भी खुलेंगे बैंक और कोषागार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने 6 अप्रैल को महावीर जयंती और 10 अप्रैल को गुड फ्राइडे के सार्वजनिक अवकाशों पर कोषागारों और बैंकों को खोलने का आदेश दिया है। दरअसल, लॉकडाउन से प्रभावित किसानों और गरीबों के बैंक खातों में इन वर्गों के लिए राज्य सरकार की ओर से घोषित आर्थिक राहत पैकेज की राशि भेजी जानी है। इसी के मद्देनजर शुक्रवार को यह आदेश दिया गया है ताकि लोग समय पर ये सहायता राशि अपने खातों से निकाल सकें।

इससे पहले लॉकडाउन के कारण लोगों को हो रही असुविधा को देखते हुए शासन ने बुधवार को आदेश दिया था कि सभी बैंक  नियमित रूप से पहले की तरह सुबह 10 से शाम 4 बजे तक खोले जाएं। लॉकडाउन की घोषणा के बाद बैंक दोपहर दो बजे तक ही संचालित हो रहे थे। सभी बैंकों के एटीएम को भी नियमित रूप से खुलवाने का निर्देश दिया गया है।

उत्तर प्रदेश सरकार ने बैंक शाखाओं में ग्राहकों के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए लेन-देन की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए कहा गया है। बैंकों में ज्यादा भीड़ न हो और ग्राहकों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग की व्यवस्था बनी रखे, इसके लिए हर बैंक शाखा में एक-एक आरक्षी या होमगार्ड तैनात करने का भी निर्देश दिया गया है।

error: Content is protected !!