The Voice of Bareilly since 2010

अब नेपाल में नोटबंदी : आज से नहीं चलेंगे 200, 500 और 2000 के नये भारतीय नोट

नयी दिल्ली। नेपाल जाने वाले भारतीयों के लिए यह खबर बहुत जरूरी है। अब नेपाल जायें तो 100 और 50 या फिर इससे छोटे नोट लेकर जायें। नेपाल सरकार ने आज 14 दिसम्बर से 2000, 500 और 200 रुपये के नये भारतीय नोट प्रतिबंधित कर दिये हैं। अब इस भारतीय मुद्रा को अपने साथ लेकर नेपाल जाना, अपने पास रखना और इन नोटों के बदले सामान देना गैरकानूनी होगा। नेपाल के संचार और सूचना मंत्री गोकुल प्रसाद बास्कोटा ने गुरुवार (13 दिसंबर) देर रात इसकी पुष्टि की है। नेपाल की कैबिनेट ने तत्काल प्रभाव से इस आदेश को लागू करने का आदेश दिया है।

नेपाल के पर्यटन पर पड़ेगा असर 

इस फैसले का असर नेपाल के पर्यटन पर पड़ेगा। भारतीय पर्यटकों को भी इससे काफी असुविधा होगी. भारत में जारी हुए 200, 500 और 2000 के भारतीय नोटों को नेपाल सरकार ने मान्यता तो नहीं दी थी लेकिन अब तक उसने इसे गैरकानूनी भी नहीं घोषित किया था। नेपाल के बाजार में ये नोट चल रहे थे। लेकिन अब नेपाल सरकार ने नई भारतीय करेंसी को गैरकानूनी घोषित करते हुए, इनका प्रचलन पूरी तरह बंद कराने का फैसला किया है।

अब भारतीयों को नेपाल में इस्तेमाल के लिए 100-50 या अन्य छोटे नोट ले जाने होंगे या फिर उन्हें नेपाल बॉर्डर पर ही नए भारतीय नोटों को नेपाल की करेंसी से बदलना होगा। भारतीय मुद्रा नेपाल में आसानी से चलती थी। नेपाल सरकार का भी मानना है कि इसका प्रभाव नेपाल के पर्यटन उद्योग पर पड़ेगा, लेकिन देशहित में यह फैसला जरूरी था।

error: Content is protected !!