The Voice of Bareilly since 2010

जावेद अख्तर के ट्वीट पर फोगट ने दिया जवाब, कहा,जो देश के प्रति समर्पित वही सबसे बड़ा ज्ञानी

गुरमेहर कौर के मामले में बॉलीवुड और खिलाडियों के बीच ट्विटर वॉर छिड़ गई है। जहाँ लोग इस मामले में अपनी-अपनी राय दे रहे हैं, वहीं लेखक और गीतकार जावेद अख्तर ने सीधे-साफ शब्दों में उन सभी लोगों पर निशाना साधा, जिन लोगों ने गुरमेहर को निशाना बनाया था।

 

इस मामले में ट्वीट करते हुए जावेद अख्तर ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा है कि ‘कोई कम-पढ़ा लिखा खिलाड़ी या पहलवान एक शहीद की बेटी को ट्रोल करता है तो बात समझ में भी आती है, लेकिन पढ़े-लिखे लोगों के साथ क्या परेशानी है?’

जावेद के इस ट्वीट के बाद उनपर निशाना साधते हुए मशहूर पहलवान महावीर फोगट ने ट्वीट किया ‘यहां उम्र बीत गयी देश को मेडल दिलाने में और वो एक पल नहीं लगाते अनपढ़ बताने में।’ न सिर्फ महावीर फोगट, बल्कि उनकी बेटी बबीता फोगट ने भी ट्वीट कर जावेद को करारा जवाब दिया है।

बबीता फोगट ने ट्वीट कर कहा कि ‘जिस उम्र में मैंने स्कूल देखा भी नहीं था, उस उम्र से मैं भारत माता की जय बोल रही हूँ। देशभक्ति किताबों से नही आती। ‘ वहीं ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त ने अख्तर को खरी-खरी सुनाते हुए कहा कि ‘आपने कविता-कहानी की रचना की तो हमने भी कुछ कारनामे कर छोटे स्तर पर ही सही, भारत के लिए विश्वपटल पर इतिहास रचा है।’

जावेद अख्तर ट्वीट से खफा फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर ने भी लिखा- ‘आजादी का शिक्षा की कमी से कोई लेना-देना नहीं है.. मैं छठी फेल छात्र हूं और फिर भी मुझे बोलने से कोई रोक नहीं सकता।’ अब देखना ये है कि जावेद अल्ख्तर उनके विरुद्ध लिखे गए ट्वीट का कोई जवाब देते हैं या फिर इस मामले को रफा-दफा करते हैं।

error: Content is protected !!