The Voice of Bareilly since 2010

कोरोना की दूसरी लहर: भारत में 24 घंटों में रिकॉर्ड 1.44 लाख से ज्यादा मरीज मिले, 773 की मौत

नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण की बेलगाम हो चुकी रफ्तार लगातार और घातक होती जा रही है। शनिवार को रिकॉर्ड स्तर पर नए संक्रमितों के आंकड़े में इजाफा हुआ। आज प्रातः जारी आंकड़ों के अनुसार देश में पिछले 24 घंटों में 1,44,829 लोग संक्रमित पाए गए। पिछले साल वायरस के शुरू होने से लेकर अब तक एक दिन के अंदर मिले मरीजों की ये संख्या सबसे अधिक है। इसके पहले गुरुवार को 1.31 लाख मरीज मिले थे।

एक्टिव केस यानी ऐसे मरीजों की संख्या जिनका इलाज चल रहा है उसमें भी जबरदस्त इजाफा हुआ है। शुक्रवार को देशभर में 77 हजार 199 लोग ठीक हुए, जबकि 773 मरीजों की मौत हो गई। इस तरह एक्टिव केस में 66 हजार 760 की बढ़ोत्तरी दर्ज हुई। अब देश में 10,40,993 मरीजों इलाज चल रहा है। ये आंकड़ा कोरोना के पिछले फेज के पीक से कहीं ज्यादा पहुंच गया है। पिछले साल 17 सितंबर को संक्रमण का पीक दिन था। इस दिन देश में सबसे ज्यादा 10.17 लाख एक्टिव केस थे। इसके बाद से ये आंकड़े घटने लगे थे लेकिन अब फिर से हालात भयावह होते जा रहे हैं।

रिकवरी रेट 90 प्रतिशत पहुंचा

देश में रिकवरी रेट में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। एक दिन के अंदर यह 91.76% से घटकर 90.8% रह गया। पिछले तीन हफ्ते के अंदर इसमें करीब 8% की गिरावट दर्ज की गई है। सबसे कम छत्तीसगढ़ में 80.5% और महाराष्ट्र में 82% मरीज रिकवर हुए हैं। यहां एक्टिव रेट काफी ज्यादा है। छत्तीसगढ़ में अभी 18.4% और महाराष्ट्र में 16.3% एक्टिव रेट है।

अब तक 1.32 करोड़ लोग संक्रमित

देश में अब तक 1 करोड़ 32 लाख 2 हजार से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 19 लाख 87 हजार लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 68 हजार 467 मरीजों की मौत हो गई। 10 लाख 40 हजार 993 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। अब तक 9 करोड़ 50 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।

महाराष्ट्र में शुक्रवार को 58,993 नए मरीज मिले। 45,391 मरीज ठीक हुए और 301 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 32.88 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 26.95 लाख लोग ठीक हुए हैं, जबकि 57,329 की मौत हुई है। यहां फिलहाल करीब 5.34 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।

पंजाब में शुक्रवार को 3,404 लोग संक्रमित पाए गए। 2518 लोग रिकवर हुए और 56 की मौत हो गई। अब तक यहां 2 लाख 66 हजार 494 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 2 लाख 31 हजार 885 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 7390 मरीजों की जान जा चुकी है। 27 हजार 219 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

error: Content is protected !!