The Voice of Bareilly since 2010

स्वदेश दर्शन स्कीम : गोवा की अगोडा जेल बनेगी टूरिस्ट स्पॉट

पणजी। गोवा की अगोडा जेल को टूरिस्ट स्पॉट के तौर पर विकसित किया जा रहा है। इसके लिए जेल की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है जो इस साल मार्च तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद इसे पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। यह एक ऐतिहासिक जेल है जिसमें अब कैदियों को नहीं रखा जाता है।

राज्य पर्यटन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परियोजना से संबंधित 90 फीसदी कार्य पूरे हो चुके हैं।

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बीते मंगलवार को इस संबंध में बैठक की। इस समीक्षा बैठक के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ” हम इस साल मार्च तक इस परियोजना के कार्य को पूरा कर लेंगे जिसके बाद यह पर्यटकों के आकर्षण का महत्वपूर्ण स्थल बनकर तैयार हो जाएगा।” उन्होंने बताया कि पुर्तगाली शासन के समय का यह ढांचा ऐतिहासिक अगोडा फोर्ट का हिस्सा है, जो कि नॉर्थ गोवा जिले में मांड्वी नदी के निकट सिकेरिम गांव में स्थित है। इस जेल में एक संग्रहालय होगा जिसमें राज्य के मुक्ति संग्राम से जुड़ी चीजें पर्यटक देख सकेंगे।

सावंत ने बताया कि दो विशेष कोठियों को स्वतंत्रता सेनानी टी बी चुन्हा और राम मनोहर लोहिया को समर्पित किया जाएगा। पुर्तगाली शासन के दौरान दोनों को यहीं कैद करके रखा गया था। इसके अलावा यहां पर्यटकों के आकर्षण से जुड़ी कई चीजें होंगी। गोवा पर्यटन विकास निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पर्यटन स्थल के रूप में मशहूर किले की मरम्मत 22 करोड़ रुपये की लागत से ‘स्वेदश दर्शन स्कीम’ के तहत की जा रही है। किले की जेल का इस्तेमाल 2015 तक किया जा रहा था लेकिन बाद में इसे खाली कर दिया गया। इसको मरम्मत के लिए गोवा पर्यटन विकास निगम को सौंपा गया है।

 
error: Content is protected !!