The Voice of Bareilly since 2010

वायुसेना प्रमुख ने कहा- हमारा काम लक्ष्य को तबाह करना है, लाशों की गिनती करना नहीं

एयर चीफ  मार्शल ने एयर स्‍ट्राइक में इस्‍तेमाल किए गए युद्धक विमान मिग-21 बाइसन को बेहतर विमान बताया। उन्‍होंने कहा कि य‍ह विमान पूर्ण रूप से सक्षम है, इसे अपग्रेड किया गया है।

नई दिल्‍ली। पाकिस्‍तान अधिकृत कश्‍मीर (पीओके) और पाकिस्तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्‍मद के आतंकी ठिकानों पर भारतीय वायुसेना की ओर से गई एयर स्‍ट्राइक पर वायुसेना प्रमुख बीएस धनोआ ने सोमवार को पहली बार चुप्पी तोड़ी। एक संवाददाता सम्मेलन में उन्‍होंने साफतौर पर कहा, “हमारा काम आतंकी ठिकानों को तबाह करना है, उनके शवों की गिनती करना नहीं है। यह काम सरकार का है।” इसके साथ ही उन्‍होंने कहा कि यदि सीमापार कोई क्षति नहीं हुई है तो पाकिस्‍तान ने प्रतिक्रिया क्‍यों दी? यदि हमने जंगल में बम गिराए होते तो पाकिस्‍तानी प्रधानमंत्री उस पर प्रतिक्रिया क्‍यों देते?

बीएस धनोआ ने कहा कि विदेश सचिव अपने बयान में आतंकी ठिकानों पर हमले के बारे में पहले ही बयान दे चुके हैं। भारतीय वायुसेना अभी आतंकवादियों के शवों की संख्‍या के बारे में सफाई देने की अभी स्थिति में नहीं है। इस मामले की सफाई सरकार दे सकती है। हम मौतों को नहीं गिनते हैं, हम सिर्फ उन ठिकानों को गिनते हैं जो हमने तबाह किए होते हैं।

हम कोई लक्ष्‍य साधते हैं तो उसे तबाह कर देते हैं

वायुसेना प्रमुख ने इस एयर स्‍ट्राइक पर सवाल उठाने वालों पर भी निशाना साधा। कहा- अगर हम कोई लक्ष्‍य साधते हैं तो उसे तबाह कर देते हैं। अगर ऐसा नहीं होता तो पाकिस्‍तानी प्रधानमंत्री इमरान खान इस एयर स्‍ट्राइक पर प्रतिक्रिया क्‍यों देते।

वायुसेना प्रमुख बीएस धनोआ ने एयर स्‍ट्राइक में इस्‍तेमाल किए गए युद्धक विमान मिग-21 बाइसन को बेहतर विमान बताया। उन्‍होंने कहा कि य‍ह विमान पूर्ण रूप से सक्षम है, इसे अपग्रेड किया गया है। इसमें बेहतर राडार लगा है। साथ ही यह हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइल दागने में भी सक्षम है। इसमें बेहतर हथियार प्रणाली है। जब शत्रु हमला करता है तो जवाब देने के लिए हर मौजूद विमान का इस्तेमाल किया जाता है.

यदि विंग कमांडर अभिनंदन स्वस्थ होंगे तो लड़ाकू विमान उड़ाएंगे

वायुसेना प्रमुख ने कहा कि विंग कमांडर अभिनंदन को हर आवश्यक चिकित्सा उपलब्ध कराई जाएगी। हम पायलट के स्वास्थ्य को लेकर कोई समझौता नहीं कर सकते, यदि विंग कमांडर अभिनंदन स्वस्थ होंगे तो लड़ाकू विमान उड़ाएंगे। हम अभिनंदन की वापसी से खुश हैं।

error: Content is protected !!