The Voice of Bareilly since 2010

लॉकडाउन में शुरू हुए प्यार का खौफनाक अंत, कुत्ते की जंजीर का फंदा डालने के बाद पत्नी को चाकू से गोदा

इंदौर। प्यार परवान चढ़ा तो युवा जोड़े ने साथ-साथ जीने-मरने की कसमें खाते हुए शादी कर ली। लेकिन, लॉकडाउन में चढ़ा प्यार का यह खुमार अनलॉक 5 आते-आते उतर गया। बात इस हद तक बढ़ी कि युवक ने पहले कुत्ते की जंजीर से पत्नी का गला घोंटने का प्रयास किया और फिर चाकू से गोद डाला। दिल दहला देने वाली यह घटना मध्य प्रदेश के सांस्कृतिक-आर्थिक राजधानी इंदौर की है।

लॉकडाउन के दौरान शुरू हुई हर्ष शर्मा     और अंशु की यह दोस्ती प्रेम की गली से गुजरते हुए अगस्त में विवाह की वेदी तक पहुंची थी। अक्टूबर आते-आते दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनने लगी। मंगलवार की रात विवाद इतना बढ़ गया हर्ष शार्मा आपा खो बैठा।

इस घटना की जानकारी होते ही संयोगितागंज थाना क्षेत्र के जावरा कंपाउंड में हड़कंप मच गया। किसी को विश्वास ही नहीं हो रहा था कि मात्र दो महीने पहले हुई शादी का ऐसा लोमहर्षक परिणाम होगा। पर हर्ष शर्मा के हाथों उसकी ही पत्नी अंशु का कत्ल हो चुका था। पारिवारिक विवाद बढ़ने पर हर्ष ने कुत्ते की जंजीर से गला दबाकर अंशु की हत्या करने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहने पर रसोईघर से चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। अंशु ने तड़प-तड़प कर मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद हर्ष खुद ही संयोगितागंज थाने पहुंच गया।

कालिंदी गोल्ड में रहने वाली अंशु विवाह के एक माह पहले तक आरोपी पति हर्ष शर्मा की ही कंपनी में काम करती थी। इसी दौरान दोनों में प्यार हो गया और अगस्त में दोनों ने आर्य समाज के मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद वह जावरा कंपाउंड में स्थित हर्ष शर्मा के घर में रहने लगी थी।

पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और हर एंगल से पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी है।

error: Content is protected !!