The Voice of Bareilly since 2010

घरेलू विमानन उद्योग के लिए खुशनुमा एहसास की तरह है यह खबर

मुंबई। जेट एयरवेज के हजारों कर्मचारियों के बेरोजगार होने समेत भारतीय विमानन उद्गोग की बदहाली की तमाम खबरों की बीच यह खबर घरेलू विमानन उद्योग के लिए खुशनुमा एहसास की तरह है। दरअसल, स्पाइसजेट ने अपने बेड़े में एक और बोइंग737 विमान शामिल करने की घोषणा की है। इसके साथ ही कंपनी के बेड़े में विमानों की संख्या 100 पर पहुंच गई है। स्पाइसजेट ने एक बयान में कहा है कि उसने सिर्फ पिछले महीने में ही 23 विमान अपने बेड़े में जोड़े हैं।

स्पाइसजेट चौथी ऐसी भारतीय विमानन कंपनी है जिसके बेड़े में 100 विमान हैं। इससे पहले एयर इंडिया, बंद पड़ी जेट एयरवेज और इंडिगो के बेड़े में 100 से अधिक विमान रहे।मौजूदा वक्त में आठ घरेलू विमानन कंपनियों- एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो, स्पाइसजेट, गोएयर, विस्तार, एयर एशिया और एलायंस के पास संयुक्त तौर पर 595 विमान हैं।

स्पाइसजेट के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अजय सिंह ने बेड़े में 100वां विमान शामिल करने के बारे में कहा, ‘‘किसने सोचा होगा कि जो स्पाइसजेट दिसंबर 2014 में बंद होने के कगार पर थी, 2019 में उसके बेड़े में 100 विमान होंगे।’’ कंपनी के पास अब 68 बोइंग737 विमान, 30 बॉमबार्डियर क्यू-400 विमान और दो बी737 फ्राइटर विमान हैं। स्पाइसजेट अभी रोजाना औसतन 62 जगहों के लिए 575 उड़ानों का परिचालन करती है।

error: Content is protected !!