The Voice of Bareilly since 2010

“पंगा गर्ल” पर ट्विटर की कार्रवाई, “आपत्तिजनक” ट्वीट्स डिलीट

नई दिल्ली। बॉलिवुड की “पंगा गर्ल” कंगना रनौत का अब सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्विटर से असली वाला पंगा हो गया है। पॉप स्टार रेहाना के किसान आंदोलन के समर्थन में ट्वीट किए जाने के बाद वह लगातार किसान आंदोलन का समर्थन करने वालों के खिलाफ ट्वीट कर सुर्खियों में बनी हुई हैं। हालांकि अब ट्विटर ने उनके कुछ ट्वीट्स को  हटा दिया है। ट्विटर ने कहा है, “कंगना रनौत के इन ट्वीट्स में हमारे नियमों का उल्लंघन हुआ है इसलिए इन्हें हटा दिया गया है।”

ट्विटर के प्रवक्ता ने गुरुवार को कहा, “हमने उन ट्वीट्स पर कार्रवाई की है जो नियमों का उल्लंघन कर रहे थे।  अब कंगना के ये विवादित ट्वीट उनके ट्विटर हैंडल पर नहीं दिखाई दे रहे हैं। इनमें कंगना का रोहित शर्मा और अन्य क्रिकेटर्स के बारे में वह विवादित ट्वीट भी शामिल था जिसमें उन्होंने क्रिकेटर्स की तुलना “धोबी के कुत्ते” से की थी।

 गौरतलब है कि कंगना की टीम जिस अकाउंट को पहले संभाला करती थी उसी अकाउंट को अगस्त, 2020 से वह खुद संभाल रही हैं। सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद से अपने विरोधियों पर लगातार तीखे तंज करने के कारण कंगना सुर्खियों में बनी रहती हैं। हाल के दिनों में वह लगातार किसान आंदोलन के विरोध में ट्वीट कर रही हैं।

 

error: Content is protected !!