The Voice of Bareilly since 2010

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का इस्तीफा, धन सिंह रावत हो सकते हैं नए सीएम

नई दिल्ली। उत्तराखंड में तीन दिन से जारी राजनीतिक संकट का मंगलवार को समाधान होता दिखा। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सायंकाल करीब 4 बजे राज्यपाल बेनी रानी मौर्य से मिलकर विधिवत त्यागपत्र सौंप दिया। नए मुख्यमंत्री को तौर पर उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत का नाम सबसे आगे चल रहा है। उनको राजधानी देहरादून लाने के लिए सरकारी हेलिकॉप्टर भेजा गया था। हालांकि सतपाल महाराज, अनिल बलूनी और अजय भट्ट भी इस दौड़ में बताए जा रहे हैं।

इससे पहले इस्तीफा देने के लिए त्रिवेंद्र के यहां पहुंचने पर स्वागत करने कार्यकर्ता तो एयरपोर्ट पहुंचे लेकिन एक भी विधायक नहीं पहुंचा। कार्यकर्ताओं ने त्रिवेंद्र के समर्थन में नारे लगाए। वहीं, वह अभिवादन कर चुपचाप चले गए। सीएम आवास और राजभवन के गेट के बाहर भीड़ के चलते वह पिछले गेट से राजभवन पहुंचे।

भाजपा आलाकमान ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह तथा महासचिव और राज्य के प्रभारी दुष्यंत गौतम को विधायक दल की बैठक के लिए पर्यवेक्षक बनाया है। दोनों विधायक दल के नए नेता का चुनाव कराने के लिए आज शाम को ही देहरादून पहुंचेंगे। इसे पहले शनिवार को पार्टी ने इन्हीं दो नेताओं को पर्यावेक्षक बनाकर उत्तराखंड भेजा था। दोनों ने नाराज धड़े से बातचीत कर रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को दी थी।

पार्टी के अंदर था विरोध

राज्य में मंत्रियों और विधायकों के एक धड़े ने केंद्रीय नेतृत्व से राज्य में मुख्यमंत्री का चेहरा बदलने की मांग की थी। पार्टी के इस गुट का कहना था कि अगर मुख्यमंत्री नहीं बदला गया तो अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।पार्टी विधायकों ने उत्तराखंड पहुंच पर्यवेक्षकों से तीन दिन पहले यह आशंका जताई थी कि अगर त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्यमंत्री रहे तो अगला चुनाव पार्टी हार सकती है। पार्टी पर्यवेक्षक के रूप में दुष्यंत कुमार गौतम और रमन सिंह ने देहरादून जाकर पार्टी विधायकों से बात की थी। दोनों रविवार को दिल्ली लौट आए और अपनी रिपोर्ट पार्टी अध्यक्ष को दी थी।

सोमवार को दिल्ली गए थे त्रिवेंद्र

राजनीतिक सरगर्मी के बीच त्रिवेंद्र रावत को भी पार्टी ने सोमवार को दिल्ली तलब कर लिया था। रावत राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण जाने वाले थे लेकिन वे अपना दौरा रद्द कर दिल्ली पहुंच गए। उन्होंने दोपहर में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्‌डा से मुलाकात की। इस बीच, देर शाम तक नड्‌डा और गृह मंत्री अमित शाह के बीच महत्वपूर्ण बैठक चली। इसमें संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी शामिल हुए। रावत को फिर एक बार नड्‌डा ने रात 9:15 बजे अपने आवास पर बुलाया। इसके पहले खबर आई कि उत्तराखंड में पार्टी विधायक दल की एक बैठक मंगलवार को बुलाई गई है।

error: Content is protected !!