The Voice of Bareilly since 2010

Weather Forecast: उत्तर भारत को अभी सताती रहेगी सर्दी, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण सर्दी का प्रकोप जारी है। फिलहाल इससे राहत मिलने के कोई आसार भी नहीं दिख रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए उत्तर भारत में ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

एक तरफ जहां उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है तो दूसरी तरफ दक्षिण भारत में भारी बारिश के आसार हैं। चक्रवाती प्रभाव के कारण तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, कराईकल, केरल, माहे में अगले 2-3 दिन बारिश होने की संभावना है। राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की मानें तो अभी ठंड और बढ़ेगी। न्यूनतम तापमान के गिरकर 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है। इसको देखते हुए उत्तर भारत के मैदानी इलाकों के लिए ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक उप हिमालयी क्षेत्रों, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में घना कोहरा छाया रह सकता है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और दक्षिणी असम में भी कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया गया है।

मौसम विभाग ने उत्तरी मैदानी क्षेत्रों के लिए अगले चार दिनों के लिए शीतलहर के पूर्वानुमान के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए भारी वर्षा के पूर्वानुमान के साथ ऐसा ही अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने 13-16 जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

error: Content is protected !!