The Voice of Bareilly since 2010

“अच्छा हुआ सड़े लोग पार्टी से निकल गए”, बागी नेताओं पर ममता बनर्जी का पलटवार

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर से बागियों पर हमला बोला है। शुक्रवार की रात बागी नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “ये अच्छा है कि पार्टी से सड़े हुए तत्व अपने आप निकल रहे हैं।” साथ ही तृणमूल कांग्रेस छोड़कर जाने वाले नेताओं को पार्टी का भार बताया। ममता ने स्थिति का जायजा लेने के लिए अपने आवास पर चुनिंदा नेताओं के साथ एक आंतरिक बैठक की। पार्टी सूत्रों के अनुसार, ममता ने तृणमूल नेताओं से कहा कि वे इससे चिंतित न हों क्योंकि राज्य के लोग उनके साथ हैं।

तृणमूल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, “बैठक के दौरान हमारी पार्टी की सुप्रीमो ने हमें कहा कि वे नेताओं के पार्टी छोड़ने के बारे में चिंतित न हों क्योंकि यह अच्छा है कि सड़े हुए तत्व पार्टी छोड़ रहे हैं।” बैठक शाम सात बजे शुरू हुई और रात 9.30 बजे तक जारी रही। बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होना है।

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही पश्चिम बंगाल में सियासी घमासान तेज हो गया है। तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच कई स्थानों पर संघर्ष के साथ ही तृणमूल कांग्रेस से पलायन तेज हो गया है। सुवेंदु अधिकारी समेत कई कद्दावर नेता तृणमूल कांग्रेस छोड़ चुके हैं।

error: Content is protected !!