The Voice of Bareilly since 2010

एचसीएल करेगी बंपर भर्ती, अगली दो तिमाहियों में 20 हजार लोग होंगे नियुक्त

नई दिल्ली। सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र की दिग्गज कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजीज बंपर भर्तियां करने वाली है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सी विजयकुमार ने शनिवार को बताया कि कंपनी अगली दो तिमाहियों में 20 हजार लोगों को काम पर रखेगी। सौदों पर हस्ताक्षर और डिजिटल सेवाओं को अपनाए जाने में मजबूत वृद्धि के चलते मांग में तेजी आने वाली है। इसी के मद्देनजर ये नियुक्तियां करने की योजना है।

31 दिसंबर 2020 तक कंपनी में 1,59,682 कर्मचारी कार्यरत थे। दिसंबर तिमाही के दौरान कंपनी ने 12,422 लोगों को नौकरियां दी। हालांकि इस दौरान कुछ लोग बाहर भी हुए। इसके चलते दिसंबर तिमाही में कर्मचारियों की कुल संख्या में वृद्धि 6,597 लोगों की रही। विजयकुमार ने कहा कि जैसी मांग हमें दिख रही है, उसके आधार पर हम अगले चार से छह महीने में 20 हजार लोगों को काम पर रखेंगे। इनमें नए और अनुभवी दोनों तरह के लोग होंगे।

error: Content is protected !!