The Voice of Bareilly since 2010

उत्तर प्रदेश में 13 आईएएस अधिकारियों का तबादला, 5 जिलों के जिलाधिकारी बदले गये

बरेली लाइव नेटवर्क, लखनऊ : विधानसभा चुनाव 2022 की अधिसूचना जारी होने से कुछ दिन पहले योगी आदित्यनाथ सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 13 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। गुरुवार को प्रातः जारी स्थानान्तरण सूची के अनुसार इस फेरबदल में पांच जिलों के जिलाधिकारी और अयोध्या के मंडलायुक्त  भी शामिल हैं। जिन जिलों के डीएम बदले गये हैं उनमें आजमगढ़, मऊ, बलिया, अमेठी और शाहजहांपुर शामिल हैं।

अयोध्या के मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल का नाम अयोध्या में जमीनें खरीदने के मामले में आया था। उन्हें देवीपाटन मंडल का आयुक्त बनाया गया है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक नवदीप रिनवा को अयोध्या का नये मंडलायुक्त बनाया गया है।

डीएम अमेठी अरुण कुमार को डीएम मऊ के पद पर भेजा गया है। विशेष सचिव खाद्य एवं रसद राकेश कुमार मिश्रा अब डीएम अमेठी होंगे। डीएम आजमगढ़ राजेश कुमार अब मुख्य सचिव के स्टाफ अफसर होंगे। मुख्य सचिव के स्टाफ अफसर अमृत त्रिपाठी को डीएम आजमगढ़ के पद पर भेजा गया है। डीएम बलिया अदिति सिंह को अपर आयुक्त वाणिज्य कर बनाया गया है। डीएम शाहजहांपुर इंद्र विक्रम सिंह को अब डीएम बलिया होंगे। निदेशक भूमि अध्याप्ति, राजस्व परिषद के पद पर तैनात रहे उमेश प्रताप सिंह को डीएम शाहजहांपुर बनाया गया है।

इसी के साथ पोस्टिंग का इंतजार कर रहीं प्रेरणा सिंह को सीडीओ हापुड़ बनाया गया है। डीएम मऊ रहे अमित सिंह बंसल को विशेष सचिव नगर विकास तथा मिशन निदेशक, स्वच्छ भारत मिशन द्वितीय के पद पर भेजा गया है। ग्रेटर शारदा सहायक समादेश क्षेत्र विकास प्राधिकरण के परियोजना प्रशासक श्रीहरि प्रताप शाही को विशेष सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक के पद पर तैनाती दी गई है। आगरा में तैनात ज्वाइंट मजिस्ट्रेट लक्ष्मी एन को इसी पद पर कानपुर नगर भेजा गया है। 

error: Content is protected !!