The Voice of Bareilly since 2010

बरेली समाचार- घर के अंदर संदिग्ध हालत में मिले मां-बेटी के शव

बरेली लाइव न्यूज नेटवर्क, फरीदपुर (बरेली)। मोहल्ला परा में महिला और उसकी किशोर वय बेटी के शव शुक्रवार को अपराह्न घर के अंदर संदिग्ध अवस्था में मिले। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

घटना की जानकारी दोपहर करीब 1 बजे हुई। परा में श्मशान भूमि के पास रहने वाले मुकेश शर्मा की पत्नी कल्पना शर्मा और पुत्री हर्षिता के शव घर में ही संदिग्ध हालत में दिखने पर लोगों ने मुकेश शर्मा को फोन कर सूचना दी। जानकारी मिलते ही मुकेश तुरंत घर पहुंचे। घर की हालत और पत्नी-बेटी के शव देखकर उनको जैसे काठ मार गया। किसी तरह खुद को संभाल कर उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल का निरीक्षण करने पर जहर के 10-12 पैकेट मिले। हर्षिता के कपड़े आदि स्नानघर में मिले।

कल्पना शर्मा और मुकेश शर्मा ने प्रेम विवाह किया था। दोनों में अनबन रहती थी। यही कारण था की कल्पना शर्मा अपनी पुत्री हर्षिता के साथ परा मोहल्ले में ही अपनी मां के साथ रहती थी। मुकेश शर्मा अपने पुत्र लवी शर्मा और उसकी पत्नी के साथ परा में श्मशान भूमि के पास अलग मकान बनाकर रहते थे। पिछले कुछ दिनों से कल्पना शर्मा और हर्षिता मुकेश शर्मा के मकान में आकर रह रही थीं।

मुकेश शर्मा कस्बे की एक फैक्ट्री में ऑपरेटर हैं। पुलिस मुकेश शर्मा से पूछताछ कर रही है। मामला फिलहाल आत्महत्या अथवा हत्या के बीच झूल रहा है। हालांकि शक की सुई परिवारीजनों के इर्द-गिर्द घूम रही है। पुलिस ने शव पौस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

फरीदपुर से अमित तोमर की रिपोर्ट
error: Content is protected !!