The Voice of Bareilly since 2010

तालिबान की तारीफ करने में फंसे सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क, मुकदमा दर्ज

संभलअपने बयानों को लेकर अक्सर विवादों में रहने वाले सपा सांसद डा. शफीकुर्रहमान बर्क इस बार ऐसे ही एक बयान को लेकर मुसीबत में फंस गए हैं। अफगानिस्तान पर तालिबानी के कब्जे को सही ठहराते हुए इसकी तुलता भारत के स्वाधीनता आंदोलन से करने को लेकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल की तहरीर पर यह कार्रवाई हुई है। इसके अलावा तालिबान द्वारा अफगानिस्तान पर किए गए कब्जे पर सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर करने वाले दो अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

सम्भल से सपा सांसद डॉ. बर्क ने सोमवार को एक बयान देते हुए तालिबान द्वारा अफगानिस्तान पर किए गए कब्जे को भारत के स्वाधीनता आंदोलन से जोड़ दिया था। साथ ही कहा था कि तालिबान ने अमेरिका के भी पैर नहीं जमने दिए थे। इस मामले में राजेश सिंघल ने मंगलवार को देर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि सांसद ने तालिबान द्वारा अफगानिस्तान पर किए गए कब्जे को भारत के स्वाधीनता आंदोलन से जोड़ा है। साथ ही उन्होंने कई भड़़काऊ बयान दिए हैं। वहीं दो अन्य लोगों ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर अफगानिस्तान पर तालिबान का कब्जा होने पर खुशी जाहिर की थी। तहरीर मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने डॉ शफीकुर्रहमान बर्क तथा फैजान चौधरी और मोहम्मद मुकीम के खिलाफ आइपीसी  की धारा 124a, 153a, 195a के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।

एसपी चक्रेश मिश्रा ने इस बात की पुष्टि की कि सम्भल कोतवाली में मंगलवार देर रात डॉ शफीकुर्रहमान बर्क व अन्य दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इन लोगों ने तालिबान को लेकर भड़काऊ बयान दिए थे। तालिबान की तुलना भारत के स्वाधीनता आंदोलन से की थी। तालिबान भारत सरकार द्वारा घोषित आतंकवादी संगठन है। इस तरह के बयान देशद्रोह की श्रेणी में आते हैं।

error: Content is protected !!