Opinion

वह क्रांतिकरी जिसने शहादत तक निभाया “आजाद हूं आजाद ही रहूंगा” का संकल्प

  • चंद्रशेखर आजाद जयंती 23 जुलाई पर विशेष

विश्व में कई ऐसे महापुरुषों का जन्म हुआ है जिन्होंने अपने राष्ट्र और उसके कालचक्र पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है। अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद उन्हीं में से एक हैं। भारत माता की परतंत्रता उनके मन में शूल की तरह चुभती थी। जंगे आजादी के वे अमर क्रांतिकारी थे। देश की आजादी में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। वे उत्कट देशभक्ति, अदम्य साहस और वीरता की प्रतिमूर्ति थे।

क्रांतिकारियों के शिरोमणि चंद्रशेखर आजाद का जन्म 23 जुलाई 1906 को उत्तर प्रदेश के उन्नाव जनपद के बदरका ग्राम में हुआ था। उनके पिता का नाम पंडित सीताराम तिवारी और माता का नाम जगरानी था। आर्थिक विपन्नता के कारण उनके पिता चंद्रशेखर को मध्य प्रदेश के भावरा ग्राम में अपने एक निकट सम्बन्धी के यहां रहने के लिए छोड़ आए थे। उस समय चंद्रशेखर की उम्र केवल तीन वर्ष थी। उनकी प्रारम्भिक शिक्षा भावरा ग्राम में ही हुई थी।

दस वर्ष की उम्र में चंद्रशेखर बम्बई चले गए। यहां वे बाल श्रमिक के रूप में इधर-उधर काम करने लगे। यहां उन्होंने बड़ी मुफलिसी में अपने दिन काटे। इस प्रकार अपनी किशोर अवस्था में ही उन्हें जीवन के कटु अनुभव हो गए थे।

बाद में चंद्रशेखर बम्बई से वाराणसी आ गए। वे वहां संस्कृत पाठशाला में शिक्षा ग्रहण करने लगे। उस समय वाराणसी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का प्रमुख केंद्र था। वाराणसी में वे पंडित मदन मोहन मालवीय, शिव प्रसाद गुप्त, मुंशी प्रेमचंद, लक्ष्मीनारायण गर्दे, डॉ भगवान दास, मन्मथनाथ गुप्त, महाकवि जयशंकर प्रसाद आदि के सम्पर्क में आए। इन सबके विचारों को सुनकर उनके मन में भारत माता को आजाद कराने की लहरें हिलोरे लेने लगीं।

चंद्रशेखर 15 वर्ष की किशोरावस्था में ही आजादी की पथरीली राहों पर चल पड़े। वे देश की स्वतंत्रता के लिए चलाए जा रहे आंदोलन में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने लगे। वे विद्यार्थियों के बीच में जाते और उन्हें स्वतंत्रता समर में भाग लेने के समझाते। धीरे-धीरे वे विद्यार्थियों में काफी लोकप्रिय हो गए। उनके प्रयासों से काफी छात्र स्वतंत्रता आंदोलन में कूद पड़े।

एक दिन वाराणसी में विद्यार्थियों द्वारा देश की स्वतंत्रता के समर्थन में एक जुलूस निकाला जा रहा था। इस जुलूस का नेतृत्व कर रहे थे चंद्रशेखर। अचानक पुलिस ने आकर जुलूस को तितर-बितर कर दिया। चंद्रशेखर को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें अंग्रेज मजिस्टेªट के सामने पेश किया गया। मजिस्टेªट द्वारा चंद्रशेखर से उनका नाम पूछने पर उन्होंने अपना नाम आजाद बताया।

अंग्रेज मजिस्टेªट ने चंद्रशेखर की कम उम्र को देखते हुए उन्हें 15 बेंत मारने की सजा सुनाई। इसके लिए उन्हें कारागार ले जाया गया जहां उनकी नंगी पीठ पर बेंत लगाए गए। प्रत्येक बेंत के प्रहार पर वे भारत माता की जय और महात्मा गांधी की जय के नारे लगा रहे थे। उनका यह साहस देखकर अंग्रेज जेलर भी दंग रह गया।

चंद्रशेखर के साथ घटी यह घटना पूरे बनारस में चर्चा का विषय बन गई। जेल से छूटने के बाद एक सार्वजनिक समारोह में उनका विधिवत सम्मान किया गया। इस घटना के बाद वे चंद्रशेखर आजाद के नाम से पुकारे जाने लगे।

उस समय स्वतंत्रता संग्राम में भाग ले रहे नौजवानों के मन में भारत माता की आजादी की आग सुलग रही थी। उनके विचार नरम दल के नेताओं के विचारों से मेल नहीं खाते थे। वे सशस्त्र क्रांति के पक्ष में थे। इन नौजवानों में चंद्रशेखर आजाद भी सम्मिलित थे। वे अंग्रेजी सत्ता को उखाड़ फेंकना चाहते थे।

विख्यात क्रांतिकारी मन्मथनाथ गुप्त के सम्पर्क में आने के बाद वे क्रांतिकारी दल में शामिल हो गए। उनके साहस, देशप्रेम, वीरता विश्वसनीयता और संगठन की असाधारण क्षमता को देखते हुए उन्हें क्रांतिकारी दल के विस्तार के लिए धन संगह का कार्य सौंपा गया।

बाद में वे ‘हिंदुस्तानी समाजवादी प्रजातंत्र सेना’ के प्रधान सेनापति बनाए गए। प्रखर क्रांतिकारी सरदार भगत सिंह इस क्रांतिकारी दल के थिंक टैंक थे। इस दल का कार्यक्षेत्र मुख्य रूप से वाराणसी, इलाहाबाद, कानपुर, झांसी, दिल्ली और लाहौर था। बाद में इसके सम्पर्क सूत्र बंगाल के क्रांतिकारियों से भी जुड़ गए।

चंद्रशेखर आजाद और भगत सिंह के नेतृत्व में हिन्दुस्तानी समाजवादी प्रजातंत्र सेना भारत मां की आजादी के काम में जीजान से जुड़ी हुई थी। मन्मथनाथ गुप्त, यशपाल, राजगुरु, सुखदेव, रामप्रसाद विस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, राजेंद्र लाहिड़ी, वटुकेश्वर दत्त आदि नौजवान इस क्रांतिकारी दल के प्रमुख सदस्य थे।

चंद्रशेखर आजाद दल के नेता के रूप में प्रत्येक कार्य में सबसे आगे रहते थे। वे बड़ी निर्भीकता एवं बहादुरी के साथ क्रांतिकारी कार्यों को पूरा किया करते थे। क्रांतिकारियों को अपनी गतिविधियों को जारी रखने के लिए हथियारों की जरूरत थी। हथियार खरीदने के लिए धन कहां से आए यह समस्या सबके सामने मुंहवाए खड़ी थी।

बहुत विचार विमर्श के बाद धन की कमी को पूरा करने के लिए सरकारी खजाना लूटने की योजना बनाई गई। उस समय अंग्रेज सरकार के खजाने को लूटना बहुत जोखिम का काम था। मगर ये क्रांतिकारी तो सिर पर कफन बांधकर निकले थे। भारत माता की आजादी के लिए वे कोई भी जोखिम लेने को तैयार थे। चंद्रशेखर आजाद ने सरकारी खजाना लूटने की योजना बनाई। पंडित रामप्रसाद विस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खां और राजेंद्र लाहिड़ी आदि नौजवान इस योजना में शामिल थे।

लखनऊ के पास काकोरी स्टेशन से एक-डेढ़ मील आगे सहारनपुर से लखनऊ को जाने वाली ट्रेन को रोककर सरकारी खजाने को लूटा गया। इतिहास में इसे काकोरी कांड के नाम से जाना जाता है। इस घटना से अंग्रेज शासकों में खलबली मच गई। क्रांतिकारियों की धरपकड़ तेज हो गई। जगह-जगह पुलिस के ताबड़तोड़ छापे पड़ने लगे। रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, ठाकुर रोशन सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। इन लोगों के सहित 22 लोगों पर मुकद्दमा चलाया गया।

चंद्रशेखर आजाद को पकड़ने के लिए अंग्रेज सरकार ने रात-दिन एक कर दिया मगर अंग्रेज पुलिस कामयाब नहीं हो पाई। वे वेश बदलकर झांसी चल गए। फरारी के दिनों में वे लारी ड्राइवर बन गए और कई वर्षों तक वहीं रहकर क्रांतिकारी गतिविधियों का संचालन करते रहे।

चंद्रशेखर आजाद के व्यक्तित्व में साहस, धैर्य, देश प्रेम और दृढ़ता का अद्भुत संगम था। वे एक अच्छे प्लानर थे। उनकी बनाई योजनाएं हमेशा सफल होती थीं। ब्रिटिश सरकार की चूलों को हिला देने वाले काकोरी कांड, साण्डर्स वध, असेम्बली बमकांड के सूत्रधार चंद्रशेखर आजाद ही थे।

चंद्रशेखर आजाद जंगे आजादी के अपराजेय पुरोधा थे। लम्बा-चौड़ा बलिष्ठ शरीर, उन्नत भाल, विशाल भुजाएं और बड़ी-बड़ी मूंछें उनके व्यक्तित्व को भव्य बनाती थीं। वे अपने साथियों के बीच बहुत लोकप्रिय थे। उनके दल के सदस्य उन्हें ‘किक्क सिलवर’ के नाम से पुकारते थे।

आजाद की माउजर पिस्तौल हमेशा उनके पास रहती थी। वे उसे वमतुला बुखारा कहते थे। अपने साथियों से अक्सर वे मस्ती में कहा करते थे, “दुश्मन की गोलियों का हम सामना करेंगे, आजाद ही रहे हैं आजाद ही रहेंगे।“ सचमुच वे आजाद ही रहे। जीवन के महासमर में उन्होंने पराजय का मुंह कभी नहीं देखा।

27 फरवरी 1931 को आजाद इलाहाबाद के अल्फ्रेड पार्क में वे किसी की प्रतीक्षा कर रहे थे। प्रातःकाल का समय था और वे किसी गम्भीर चिंतन में डूबे हुए थे। तभी पुलिस मुखबिर वीरभद्र तिवारी के साथ पुलिस दल को देखकर आजाद चौकन्ने हो गए। तब तक नाट वावर के नेतृत्व में पुलिस दल ने उन्हें घेर लिया। अपने को घिरा पाकर आजाद ने एक पेड़ के पीछे पोजीशन ले ली और पुलिस दल के प्रमख नाट वावर पर गोलियों की वर्षा कर दी। काफी देर तक दोनों ओर से गोलियां चलती रहीं। आजाद की वीरता और साहस को देखकर पुलिस अधिकारी नाट वावर भी दंग रह गया था। पुलिस काफी संख्या में थी। आजाद की गोलियां खत्म होने वाली थीं। इसलिए उन्होंने अपने पिस्तौल को कनपटी पर रखकर स्वयं गोली मार ली और इस प्रकार शत्रु से लड़ते हुए वीरगति प्राप्त की।

इस धरती पर प्रतिदिन हजारों लोग जन्म लेते हैं और हजारों लोग रोज मृत्यु का वरण करते हैं। मगर कुछ लोग अपने व्यक्तित्व एवं कृतित्व से समय रूपी रेत पर ऐसे पदचिन्ह बना जाते हैं जिनका लोग युगों-युगों तक अनुसरण करते हैं। चंद्रशेखर आजाद उन्हीं में से एक हैं। आज वे हमारे मध्य नहीं हैं मगर उनका अमिट बलिदान सदैव हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

सुरेश बाबू मिश्रा

(सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य)

gajendra tripathi

Recent Posts

वास्तु शास्त्र: मिथ या विज्ञान विषय पर कार्यशाला शनिवार को, विशेषज्ञ देंगे जानकारी

Bareillylive : एक उम्मीद संस्था द्वारा और इनरव्हील क्लब बरेली के योगदान से एक विशेष…

8 hours ago

राष्ट्रीय इंस्पायर मानक विज्ञान प्रदर्शनी में वंदना शर्मा के बनाये मॉडल ने बटोरी सुर्खिया

Bareillylive : इंस्पायर मानक योजना के अंतर्गत प्रगति मैदान नई दिल्ली में आयोजित 11 वीं…

9 hours ago

इनर व्हील क्लब मेन बरेली 311 ने किया शिक्षकों और शिक्षाविदों का सम्मान

Bareillylive : इनर व्हील क्लब मेन बरेली 311 की अध्यक्ष डॉ विनीता सिसोदिया, सचिव निरुपमा…

9 hours ago

कान्ती कपूर सरस्वती बालिका विद्या मन्दिर की छात्राओं का स्टेट प्रतियोगिता के लिए चयन

Bareillylive : मण्डलीय ताईक्वांडो प्रतियोगिता -2024 का आयोजन कान्ती कपूर सरस्वती बालिका विद्या मन्दिर इण्टर…

10 hours ago

सीएम योगी ने कई परियोजनाओं का लोकार्पण कर कहा, रामनगरी का और होगा विकास

Bareillylive : रामनगरी के विकास के लिए योगी सरकार लगातार धनवर्षा कर रही हैं। अयोध्या…

11 hours ago

एक देश एक चुनाव पर उच्च स्तरीय कमिटी की सिफ़ारिशों के बाद यह होगी प्रक्रिया

Bareillylive : एक देश एक चुनाव पर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के नेतृत्व में गठित…

11 hours ago