The Voice of Bareilly since 2010

बड़ा फैसला – महेंद्र सिंह धोनी ने छोड़ी वनडे और टी-20 की भी कप्तानी

m s dhoniनई दिल्ली। महेंद्र सिंह धोनी ने बुधवार को एक बड़ा फैसला करते हुए भारतीय वनडे टीम और टी-20 की कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया। धोनी ने कहा है कि इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 और वनडे के लिए उनका चयन यदि किया जाता है तो वह टीम इंडिया का हिस्सा बनेंगे। बीसीसीआई ने ट्वीट कर धोनी के कप्तानी छोड़ने की जानकारी दी है। धोनी टेस्ट टीम की कप्तानी पहले ही छोड़ चुके हैं।

भारत को दो विश्व कप और चैम्पियन्स ट्राफी जिताने वाले 35 वर्षीय धोनी ने इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला शुरू होने से महज 11 दिन पहले कप्तानी छोड़कर क्रिकेट जगत को स्तब्ध कर दिया। धोनी के इस फैसले के बाद टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली के सीमित ओवरों की टीम की कमान संभालने का रास्ता भी साफ हो गया है। कप्तानी छोड़ने की इच्छा जाहिर करते हुए धोनी ने हालांकि चयन समिति को सूचित किया है कि वह इंग्लैंड के खिलाफ 15 जनवरी से शुरू हो रही तीन एकदिवसीय और इतने ही टी20 मैचों की श्रृंखला में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। धोनी ने एकदिवसीय क्रिकेट में अब तक 283 मैचों में 50.89 की बेहतरीन औसत से 9110 रन बनाए हैं जिसमें नाबाद 183 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इसके अलावा उन्होंने 73 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 1112 रन भी बनाए।

उच्चतम न्यायालय के लोढा समिति की सिफारिशें लागू नहीं करने पर बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर और सचिव अजय शिर्के को पद से हटाने के एक दिन बाद धोनी ने यह घोषणा की। धोनी की अचानक की गई घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए बीसीसीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राहुल जौहरी ने कहा, ‘प्रत्येक भारतीय क्रिकेट प्रशंसक और बीसीसीआई की ओर से मैं सभी प्रारूपों में भारतीय टीम के कप्तान के रूप में असाधारण योगदान के लिए महेंद्र सिंह धोनी को धन्यवाद देना चाहता हूं।’

उन्होंने कहा, ‘उनके नेतृत्व में भारतीय टीम ने नई ऊंचाइयां छुई और भारतीय क्रिकेट में उनकी उपलब्ध्यिों को भी कोई नहीं छू पाएगा।’ इससे पहले धोनी ने 2014 में आस्ट्रेलिया दौरे के दौरान मेलबर्न में अचानक टेस्ट कप्तानी भी छोड़ दी थी। धोनी भारत के सबसे सफल कप्तान रहे। भारत ने उनके नेतृत्व में 2007 में आईसीसी टी20 विश्व कप, 2011 में आईसीसी एकदिवसीय विश्व कप, 2013 में आईसीसी चैम्पियन्स ट्राफी जीती और 2009 में टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचा। अब इंग्लैंड में इसी साल होने वाली चैम्पियन्स ट्राफी संभवत: इस बात का संकेत होगी कि धोनी खिलाड़ी के रूप में 2019 विश्व कप तक खेलेंगे या नहीं।

cricket

ये फोटो 2005 का है, जब महेन्द्र सिंह धौनी एक नये नवेले खिलाड़ी हुआ करते थे। प्रशान्त यादव मेमोरियल टूर्नामेण्ट में भाग लेने आये थे। इस मैच में भी धौनी की धुआंधार पारी देखने को मिली थी। ये फोटो वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट मोहम्मद खालिद ने लिया था।

error: Content is protected !!