The Voice of Bareilly since 2010

टीम इण्डिया ने सेना की कैप पहनकर खेला मैच तो तिलमिलाया पाकिस्तान, कहा…

कराची। भारतीय क्रिकेटरों के ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान सेना की विशेष कैप पहनने से पाकिस्तान तिलमिला गया है। पाकिस्तान ने इसके लिए आईसीसी से कार्रवाई की मांग की। साथ ही विराट कोहली की टीम पर खेल में राजनीति करने का आरोप लगाया।

बता दें कि पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए टीम इण्डिया ने शुक्रवार को रांची में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में सेना की विशेष कैप पहनी थी। साथ ही अपनी मैच फीस राष्ट्रीय रक्षा कोष में दे दी। हालांकि भारतीय टीम इस मैच में 32 रन से हार गयी थी लेकिन फिर भी पांच मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे है।

बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी को हुए आतंकवादी हमले में सीआरपीएफ के कम से कम 40 जवान शहीद हो गए थे।

क्या आईसीसी ने इसे नहीं देखा?

पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद् (ICC) को इसके बारे में कुछ करना चाहिए। कुरैशी ने पाकिस्तानी मीडिया के हवाले से कहा, ‘‘दुनिया ने देखा कि भारतीय टीम ने अपनी खेल वाली कैप के बजाय सेना की विशेष कैप पहनी। क्या आईसीसी ने इसे नहीं देखा? हमें लगता है कि यह आईसीसी की जिम्मेदारी है कि वे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (च्ब्ठ) द्वारा इसका ध्यान दिलाये जाने के बजाय खुद इसका संज्ञान लें। ’’

… तो काली पट्टी पहनेंगे

सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने भी कुरैशी की बात का समर्थन करते हुए ट्वीट किया, ‘‘यह सिर्फ क्रिकेट नहीं है। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘और अगर भारतीय टीम को नहीं रोका गया तो पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को भी दुनिया को कश्मीर में भारतीय ज्यादती के बारे में याद दिलाने के लिए काली पट्टी पहननी चाहिए। ’’ पाकिस्तान के मंत्री ने साथ ही अनुरोध किया कि पीसीबी (PCB) को भारत के खिलाफ खेल की विश्व संचालन संस्था में आधिकारिक विरोध दर्ज कराना चाहिए।

error: Content is protected !!