The Voice of Bareilly since 2010

WTC Final IND vs NZ Reserve Day: भारत को 8 विकेट से हराकर न्यूजीलैंड ने जीता वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब

नयी दिल्ली। फाइनल में भारत को 8 विकेट से हराकर न्यूजीलैण्ड ने आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप खिताब जीत लिया। वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच साउथम्पटन के एजिस बाउल मैदान पर खेला गया। न्यूजीलैंड के सामने टीम इंडिया ने जीत के लिए 139 रनों का लक्ष्य रखा था। इस लक्ष्य को कीवी टीम ने अपनी दूसरी पारी में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया।

न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन 52 और रॉस टेलर 47 रन बनाकर नॉटआउट रहे। भारत की दूसरी पारी 170 रनों पर सिमट गई। भारत की तरफ से ऋषभ पंत ने सर्वाधिक 41 रन बनाए। न्यूजीलैंड की तरफ से भारत की दूसरी पारी में टिम साउदी ने 4 और ट्रेंट बोल्ट ने तीन विकेट लिए। न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 249 रन बनाए थे। वहीं भारत की पहली पारी को कीवी टीम ने 217 रन पर समेट दिया था। काइल जेमीसन ने 5 विकेट लिए थे।

भारत से मिले 139 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टॉम लाथम (9) और डेवोन कॉनवे (19) बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। इसके बाद केन विलियमसन और रॉस टेलर ने कीवी पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए नाबाद 96 रनों की पार्टनरशिप की। टेलर और विलियमयन भारत गेंदबाजों के आगे किसी भी दिक्कत में नजर नहीं आए और दोनों ने मैदान के चारों तरफ खुलकर शॉट्स लगाए। भारत की तरफ से रविचंद्रन अश्विन ने दूसरी इनिंग में 2 विकेट झटके, लेकिन उनको बाकी गेंदबाजों का साथ नहीं मिल सका। भारत के तेज गेंदबाज दूसरी पारी में लाइन लेंथ से भटके हुए नजर आए। 

error: Content is protected !!