The Voice of Bareilly since 2010

उत्तर प्रदेश में भाजपा का “बूथ विजय अभियान” शुरू, मतदान के दिन तक चलेगा

लखनऊ। भाजपा का “बूथ विजय अभियान” शनिवार से शुरू हो गया। यह अभियान आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर मतदान के दिन तक चलेगा। इसका आगाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया। उन्होंने 27,700 शक्ति केंद्र प्रभारियों को वर्चुअली संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता ही हमारी ताकत हैं। इसी क्रम में 24 सितंबर को पन्ना प्रमुखों का सम्मेलन होगा जिसमें उन्हें उनके कामकाज का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इस वसर पर नड्डा ने कहा, “भाजपा संघर्ष से समाधान की यात्रा से बनी है। पार्टी के कार्यकर्ता ही हमारी ताकत है, हम बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के बल पर यहां तक पहुंचे हैं। हमारे हर कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी भूमिका होती है।”

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आजादी के 70 वर्षों में कृषि के विकास और किसानों के कल्याण के लिए जितना काम नहीं हुआ उससे कहीं अधिक काम पिछले साढ़े सात वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र ने करके दिखाया है। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पहले भी था, है और रहेगा। किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा सहित सभी विपक्षी पार्टियों ने एमएसपी पर किसानों को गुमराह करने की बहुत कोशिश की। लेकिन, आज देश में किसानों से एमएसपी पर रिकॉर्ड खरीद हो रही है। किसान हमारे लिए भाग्यविधाता हैं, उनकी भलाई के लिए जो भी आवश्यक है वह हम कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।

error: Content is protected !!