The Voice of Bareilly since 2010

इलाज के लिए दिल्ली गए दंपती के घर लाखों की चोरी, दरवाजा तोड़कर गहने-नकद ले गए चोर

Bareillylive : इज्जतनगर थाना क्षेत्र की वैष्णो कुंज कॉलोनी में रविवार को चोरों ने एक परिवार की मुश्किलें और बढ़ा दीं। कैंसर पीड़ित पत्नी के इलाज के लिए दिल्ली गए दंपती के सूने घर को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने पीछे का दरवाजा तोड़कर करीब 45 लाख रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार वैष्णो कुंज कॉलोनी निवासी प्रदीप कुमार सक्सेना रविवार सुबह करीब 10:30 बजे अपनी पत्नी मधु सक्सेना को इलाज के लिए दिल्ली ले जाने के लिए बड़े बेटे अमन सेठ के साथ सेटेलाइट बस अड्डे गए थे। माता-पिता को बस में बैठाने के बाद अमन दोपहर करीब दो बजे घर लौटे तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।

अमन ने देखा कि मकान का पिछला दरवाजा टूटा हुआ था और अंदर कमरों की अलमारियां खुली पड़ी थीं। चोर अलमारी में रखे जेवरात के डिब्बों को खाली कर वहीं छोड़ गए थे। परिवार के अनुसार सेफ और अलमारी में रखे लाखों रुपये के आभूषण और नकदी गायब मिले। अमन सेठ, जो असम स्थित नवोदय विद्यालय में पीटी शिक्षक हैं और कुछ दिन पहले ही अवकाश पर बरेली आए थे, ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। परिजनों के मुताबिक चोरी गए सामान की कीमत लगभग 45 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने तहरीर लेकर अज्ञात चोरों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

परिवार पर दोहरी मार परिवार पहले से ही मधु सक्सेना के कैंसर उपचार को लेकर परेशान है। ऐसे समय में घर में हुई लाखों रुपये की चोरी ने परिजनों को गहरा झटका दिया है। प्रदीप सक्सेना के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा अमन सेठ असम के नवोदय विद्यालय में शिक्षक है, जबकि छोटा बेटा अखंड सक्सेना ग्रेटर नोएडा में इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। पुलिस बोली, जल्द होगा खुलासा इज्जतनगर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने जल्द ही घटना के खुलासे का दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!