@bareillylive : विश्व बाल दिवस की पूर्व संध्या पर कवि गोष्ठी आयोजन समिति के तत्वावधान में स्थानीय अग्रवाल धर्मशाला, साहूकारा में पुस्तक विमोचन, कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बाल साहित्यकार डॉ. महेश ‘मधुकर’ द्वारा रचित बाल काव्य संग्रह ‘हुआ सवेरा’ का विमोचन रहा।
समाजसेवी एवं सर्राफ अजय अग्रवाल के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार रणधीर प्रसाद गौड़ ‘धीर’ ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अवनीश यादव रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. महेश मधुकर एवं विनय सागर जायसवाल उपस्थित रहे।
माँ शारदे के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं वाणी वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। स्वागत गीत उमेश चंद्र गुप्ता ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर साहित्यिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. अवनीश यादव, डॉ. महेश मधुकर, बृजेंद्र तिवारी ‘अकिंचन’ एवं मनोज दीक्षित ‘टिंकू’ का सारस्वत अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम संयोजक अजय अग्रवाल, अध्यक्ष रणधीर प्रसाद गौड़ एवं सचिव उपमेंद्र सक्सेना, एडवोकेट ने साहित्यकारों को शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण डॉ. महेश ‘मधुकर’ द्वारा रचित बाल काव्य संग्रह ‘हुआ सवेरा’ का विमोचन रहा। मुख्य अतिथि डॉ. अवनीश यादव ने अपने कर-कमलों से पुस्तक का विमोचन किया। उन्होंने पुस्तक की समीक्षा करते हुए इसकी रचनाओं की सराहना की और बाल साहित्य के क्षेत्र में इसे एक सराहनीय प्रयास बताया।
इस अवसर पर रचनाकार डॉ. महेश ‘मधुकर’ ने अपनी बाल रचना प्रस्तुत करते हुए बच्चों को सत्य का मार्ग अपनाने, ध्यान से सुनने और नित्य भोर में उठने की प्रेरणा दी। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित श्रोताओं को बालमन की संवेदनशीलता और शिक्षाप्रद भाव से जोड़ा।
अंतिम सत्र में आयोजित कवि सम्मेलन में कवियों ने विश्व बाल दिवस के संदर्भ में अपनी रचनाओं के माध्यम से बालमन की भावनाओं, संवेदनाओं एवं कल्पनाओं को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में संस्था के सचिव उपमेंद्र सक्सेना एडवोकेट, ज्ञान देवी सत्यम्, दीपक मुखर्जी ‘दीप’, डॉ. अखिलेश कुमार गुप्ता, गणेश पथिक, डॉ. शिव शंकर यजुर्वेदी, निर्भय सक्सेना, डॉ. मिथिलेश राकेश, शिव रक्षा पांडेय, हरिकांत मिश्र ‘चातक’, रामकुमार अफरोज, मोहन चंद्र पांडे ‘मनुज’, राजकुमार अग्रवाल ‘राज’, रामकुमार कोली, मिलन कुमार मिलन, कैलाश चंद्र मिश्र ‘रसिक’, डॉ. राम शंकर प्रेमी, राज शुक्ल ‘गजलराज’, उमेश चंद्र गुप्ता, डॉ. राजेश शर्मा ककरेली, सरल कुमार सक्सेना, शंकर लाल, रमेश रंजन एवं रीतेश साहनी सहित अनेक साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का कुशल संचालन मनोज दीक्षित ‘टिंकू’ ने किया।
अंत में संयोजक अजय अग्रवाल ने सभी अतिथियों, साहित्यकारों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। बाल साहित्य में रचनात्मक योगदान को प्रोत्साहित करने वाले इस आयोजन ने विश्व बाल दिवस की पूर्व संध्या को सार्थक बनाया।






Leave a Reply