bareillylive:कैन्ट विधायक और सीईओ कैन्ट ने अमरनाथ यात्रियों को दी सुरक्षा एवं सफल यात्रा की शुभकामनाएं
Bareillylive : सदर कैंट स्थित बाबा धूपेश्वर नाथ चौक पर आज बाबा महादेव सेवा ट्रस्ट की ओर से पावन श्री अमरनाथ यात्रा पर प्रस्थान कर रहे शिवभक्तों का भव्य स्वागत किया गया। आयोजन में यात्रियों को पारंपरिक भगवा गमछा पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें पुष्पमाला और अल्पाहार भेंट कर यात्रा की मंगलकामनाएँ दी गईं। ट्रस्ट ने सभी यात्रियों के सुखद और सफल यात्रा के लिए आशीर्वाद और शुभकामनाएँ प्रदान कीं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम में छावनी परिषद (कैंट बोर्ड) की मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. तनु जैन प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। डॉ. जैन ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि श्री अमरनाथ यात्रा आध्यात्मिक उन्नति और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने यात्रियों को सावधानी बरतने, मौसम के अनुसार तैयारी रखने और निर्देशित मार्गों तथा सुरक्षा नियमों का पालन करने का विशेष आग्रह किया।
कैन्ट विधायक संजीव अग्रवाल ने बाबा महादेव सेवा ट्रस्ट की सामाजिक और धार्मिक सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम स्थानीय समुदाय में एकता और सकारात्मकता को बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा अमरनाथ के दर्शन बहुत पुण्य प्रतापी मनुष्यों को प्राप्त होते हैं, प्रशासन और बाबा की कृपा के द्वारा ही उनके दर्शन मिल पाते हैं, मैं सबको शुभकामनाएँ देता हूँ।
बाबा महादेव सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री शशिकांत जायसवाल ने बताया कि वर्षानुवर्ष इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से यात्रियों का स्वागत और आवश्यक सहायता प्रदान की जाती रही है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का लक्ष्य श्रद्धालुओं को प्रार्थना और सेवा का शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है। श्री वैभव जायसवाल (सदस्य, छावनी परिषद कैंट बोर्ड) ने भी आयोजन की सफल समापन पर अपने विचार व्यक्त किए और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में स्थानीय देवतुल्य कार्यकर्ता एवं अनेक शिवभक्तगण उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि यात्रा प्रारंभ से पहले स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था, आवश्यक चिकित्सकीय किट और मार्गदर्शक सामग्री उपलब्ध कराई गई ताकि किसी भी आपात स्थिति का त्वरित सामना किया जा सके। श्रद्धालुओं ने भी आयोजकों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की और इस प्रकार के स्वागत कार्यक्रमों को सामुदायिक भाईचारे का प्रेरक उदाहरण बताया।
आयोजन के समापन पर सभी उपस्थितों ने यात्रा की सफलता और श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना की। बाबा महादेव सेवा ट्रस्ट ने आश्वासन दिया कि आने वाले दिनों में भी वे इस प्रकार की धार्मिक एवं सेवा-सम्बंधी गतिविधियों को निरंतर जारी रखेंगे।






Leave a Reply