@bareillylive : जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनता दर्शन में प्राप्त एक संवेदनशील प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने जरूरतमंद प्रार्थी को त्योहार के दृष्टिगत ₹23,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही उनकी आजीविका के लिए दैनिक भत्ते पर आधारित रोजगार दिलवाने के निर्देश भी दिए।
जनता दर्शन में महेन्द्र सिंह पुत्र हेतराम, निवासी ग्राम परौरा, तहसील मीरगंज ने रफियाबाद स्थित राजकीय गौशाला में दिनांक 16 जुलाई 2026 को आपूर्ति किए गए चारे के कुल ₹22,050 के भुगतान लंबित होने की शिकायत की। प्रार्थी ने बताया कि लंबे समय से भुगतान न मिलने के कारण उन्हें गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि परिवार के भरण-पोषण और आवश्यक खर्चों को पूरा करने में काफी परेशानी हो रही है।
पीड़ित व्यक्ति ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि वह इतने परेशान थे कि आत्मदाह की दृष्टि से बोतल में पेट्रोल भी लेकर आए थे। इस संवेदनशील परिस्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया और मानवीय संवेदनशीलता तथा सहृदयता का परिचय देते हुए प्रार्थी को ₹23,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की, ताकि उन्हें त्योहार के समय तत्काल राहत मिल सके।
जिलाधिकारी ने प्रार्थी की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सेमीखेड़ा शुगर मिल में दैनिक भत्ते पर आधारित रोजगार दिलवाने के निर्देश भी दिए। इससे प्रार्थी को नियमित आजीविका का साधन मिलेगा और उसके परिवार के भरण-पोषण में सहायता मिलेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी नागरिक को आर्थिक संकट के कारण निराश नहीं होने दिया जाएगा और सरकारी तंत्र जरूरतमंद व्यक्ति के साथ संवेदनशीलता का व्यवहार करेगा।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने संबंधित खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि राजकीय गौशाला में चारा आपूर्ति के लंबित भुगतान के प्रकरण की जांच करें और नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि तीन दिन के भीतर लंबित भुगतान के संबंध में कार्यवाही पूर्ण की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसामान्य की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए। संवेदनशीलता और तत्परता के साथ शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को समयबद्ध राहत उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान करते हुए उनका विश्वास बनाए रखना है।





Leave a Reply