bareillylive:बरेली जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन राज्य कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए जनपद स्तर पर रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं स्वरोजगार योजनाओं की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई
बैठक में जिला सेवायोजन अधिकारी ने आगामी वर्ष की प्रस्तावित कार्ययोजना प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन विभागों द्वारा रोजगार एवं स्वरोजगार से संबंधित योजनाएं संचालित की जा रही हैं, वे सभी लाभार्थियों का पंजीकरण रोजगार संगम पोर्टल पर अनिवार्य रूप से कराएं, ताकि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने सेवायोजन विभाग की सेवा मित्र योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए
डीएम ने जिला सेवायोजन अधिकारी को निर्देशित किया कि रोजगार मेलों के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों का नियमित फीडबैक लिया जाए तथा स्थानीय औद्योगिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित कर उनकी रिक्तियों के अनुरूप बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने सरकारी कार्यालयों, निजी नियोजकों तथा शैक्षिक एवं तकनीकी संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का भी रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया
बैठक में बताया गया कि महिलाओं के लिए विशेष रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा तथा दो दिवसीय राज्य स्तरीय करियर काउंसलिंग कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। विदेशों में रोजगार के इच्छुक युवाओं के लिए भाषा प्रशिक्षण और संबंधित देशों के नियम-कानून की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए
जिलाधिकारी ने कहा कि स्थानीय उद्योगों की जरूरत के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षित किया जाए, ताकि उन्हें अपने ही जनपद में बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें
बैठक में परियोजना अधिकारी डीआरडीए, डीसी एनआरएलएम, लीड बैंक मैनेजर, जिला सेवायोजन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






Leave a Reply