The Voice of Bareilly since 2010

कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली पुलिस अलर्ट, हर जत्थे के साथ रहेगा नोडल पुलिसकर्मी: एसएसपी अनुराग आर्य

bareillylive:bareillynews:कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली पुलिस अलर्ट, हर जत्थे के साथ रहेगा नोडल पुलिसकर्मी: एसएसपी अनुराग आर्य

बरेली आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित रविन्द्रालय सभागार में जनपदीय अधिकारियों और शाखा प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के निर्देश दिए।


एसएसपी ने बताया कि इस वर्ष नवाचार के रूप में जनपद के प्रत्येक थाने में कांवड़ सेल का गठन किया गया है, जिसमें दो उपनिरीक्षक, दो बीट आरक्षी और दो मुंशी तैनात किए गए हैं। प्रत्येक कांवड़ जत्थे के साथ एक नोडल पुलिसकर्मी नियुक्त रहेगा, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके।


बैठक में निर्णय लिया गया कि तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाकर पुलिस अधिकारी गांव-गांव और मोहल्लों में पहुंचकर कांवड़ समितियों व जत्थेदारों से संवाद करेंगे

वहीं 10 से 20 जुलाई तक ग्राम प्रहरियों, पीस कमेटी, धर्मगुरुओं, व्यापारियों, डीजे संचालकों, होटल-ढाबा संचालकों, पेट्रोल पंप संचालकों, निजी अस्पतालों और अन्य संबंधित वर्गों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


एसएसपी ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के सभी प्रमुख मार्गों पर पुलिस चेक पोस्ट, अस्थायी पुलिस चौकियां और अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। अंतरजनपदीय सीमाओं और संवेदनशील स्थानों पर वायरलेस, बैरियर और फर्स्ट एड बॉक्स से लैस अस्थायी चौकियां स्थापित की जाएंगी।

सभी सब-सेक्टरों में 24 घंटे पुलिस बाइक मोबाइल और डायल-112 पीआरवी तैनात रहेगी।


सुरक्षा व्यवस्था के तहत रेलवे ट्रैक पार करने वाले संभावित स्थानों की पहचान कर वहां पुलिस बल तैनात करने, डिवाइडर कट बंद कराने, झूलते बिजली के तारों और ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित कराने, अंधेरे वाले मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने तथा कांवड़ मार्गों पर आवश्यकतानुसार मीट की दुकानों, होटल और ढाबों को नियमानुसार बंद कराने के निर्देश भी दिए गए।


बैठक में यह भी तय किया गया कि कांवड़ सेवा शिविर सड़क के बाईं ओर सुरक्षित दूरी पर लगाए जाएंगे तथा वहां फर्स्ट एड और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था अनिवार्य होगी। सभी प्रमुख मंदिरों, जलाभिषेक स्थलों और कांवड़ मार्गों का पुलिस अधिकारी स्वयं निरीक्षण करेंगे तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कराई जाएंगी।


एसएसपी अनुराग आर्य ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने, अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने तथा डीजे संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप ध्वनि स्तर और वाहन की ऊंचाई 10 से 12 फीट का पालन कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों से सांप्रदायिक सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने के लिए लगातार संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया।


बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात मोहम्मद अकमल खान, पुलिस उपाधीक्षक (अभिसूचना) विजय कुमार राना सहित सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और संबंधित शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!