तुलसी स्थल से शिरडी साईं मंदिर तक अन्नकूट महोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

@bareillylive : गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर बरेली शहर के प्रमुख मंदिरों में अन्नकूट महोत्सव धूमधाम और भक्तिभाव से मनाया गया। दिनभर मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति रही। भक्ति संगीत, गोवर्धन पूजा, प्रसाद वितरण एवं गौपूजन के साथ पूरा वातावरण आस्था और उल्लास से भरा रहा। अन्नकूट महोत्सव को अन्न, प्रकृति, गौवंश एवं गोवर्धन पर्वत के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व माना जाता है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने गोवर्धन महाराज के समक्ष परिवार के कल्याण, सुख-समृद्धि एवं विश्व मंगल की कामना की।

तुलसी स्थल पर अन्नकूट महोत्सव का आयोजन भव्य रूप से हुआ। दिनभर यहां भक्ति रस की गंगा बहती रही। गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने शीश नवाकर कढ़ी चावल, फल, छप्पन भोग आदि का प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर तुलसी मठ के प्रमुख नीरज नयन दास ने गोवर्धन पूजा के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. निधि मिश्रा ने भक्ति गीत सुनाकर भक्तों का मन मोह लिया। शाम को भक्तों ने अन्नकूट का प्रसाद प्राप्त किया।

कृष्ण लीला स्थल पर विजय गोयल की ओर से आयोजित अन्नकूट महोत्सव में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, भाजपा नेता अधिवक्ता अनिल कुमार, अधिवक्ता उन्मुक्त संभव शील, निर्भय सक्सेना सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे। सभी ने पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया। इसी प्रकार बड़ा बाग स्थित हनुमान मंदिर में भी अन्नकूट महोत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। यहां झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, सांसद श्रुति गंगवार, वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. विनोद पागरानी, अमिता अग्रवाल, अनिल सक्सेना तथा जितेंद्र रस्तोगी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

बरेली के प्रमुख नाथ मंदिरों में शामिल बाबा त्रिवटी नाथ मंदिर में भी अन्नकूट महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही यहां भक्ति गीतों की गूंज रही। इस अवसर पर भी झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, सांसद श्रुति गंगवार, वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल एवं डॉ. विनोद पागरानी उपस्थित रहे। चौबे जी की गली स्थित स्वर्गीय गोवर्धन चतुर्वेदी वाले मंदिर में भी भक्ति गीतों की मधुर ध्वनि गूंजती रही। यहां झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, सांसद श्रुति गंगवार, वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, विधान परिषद सदस्य ठाकुर महाराज सिंह, पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष पुष्पेंदु शर्मा, रवि रस्तोगी, संजू अग्रवाल, बल्ले शर्मा तथा कमल चतुर्वेदी सहित अनेक गणमान्य जन मौजूद रहे।

श्यामगंज स्थित श्री शिरडी साईं सर्वदेव मंदिर में अन्नकूट महोत्सव भक्तिभाव और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। पूजा-अर्चना के बाद भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रदेश के वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार तथा कैंट से भाजपा विधायक संजीव अग्रवाल भी मंदिर पहुंचे। उन्होंने पूजन कर प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में डॉ. विमल भारद्वाज, डॉ. विनोद पागरानी, अधिवक्ता नरेंद्र मिश्रा, भाजपा के वरिष्ठ नेता अधिवक्ता अनिल कुमार, राजकुमार शर्मा, दीपक पंडित, पूर्व महानगर अध्यक्ष पुष्पेंदु शर्मा तथा गौरव सिंह सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे। मंदिर के महंत पंडित सुशील पाठक ने सभी धर्मप्रेमियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

गोवर्धन पूजा के अवसर पर आंवला नगर पालिका परिषद की गौशाला में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने विधि-विधान से गोमाता का पूजन किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने गौ-सेवा में समर्पित गौसेवकों को भी सम्मानित किया। मंत्री ने गौसेवकों के निःस्वार्थ सेवाभाव एवं समर्पण की सराहना करते हुए गौ-संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति समाज को जागरूक होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गौमाता की सेवा हमारी संस्कृति और संस्कारों का अभिन्न अंग है।

बरेली में गोशाला में गोमाता का पूजन किया गया। इस अवसर पर भक्तों ने गौमाता, गोवर्धन महाराज एवं प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे दिन मंदिरों में आस्था, भक्ति, संगीत और सामाजिक सद्भाव का संदेश देने वाला वातावरण बना रहा।
साभार: निर्भय सक्सेना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!