The Voice of Bareilly since 2010

वृक्षारोपण महायज्ञ–2026: बरेली में जनभागीदारी के साथ लगा हरियाली का महाकुंभ, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

बरेलीलाइव:bareillylive :बरेलीन्यूज वृक्षारोपण महायज्ञ–2026: बरेली में जनभागीदारी के साथ लगा हरियाली का महाकुंभ, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प


मंत्री धर्मपाल सिंह, डीएम अविनाश सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, आईटीबीपी जवानों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने किया सामूहिक वृक्षारोपण; नुक्कड़ नाटक, प्रदर्शनी और महायज्ञ रहे आकर्षण।

बरेली, 12 जुलाई।
वन एवं वन्यजीव प्रभाग, बरेली द्वारा ‘वृक्षारोपण महायज्ञ–2026’ के अंतर्गत रविवार को भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वन विभाग, आईटीबीपी के जवानों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभागीय वनाधिकारी दीक्षा भंडारी के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण अभियान की महत्ता बताते हुए कहा कि इसकी सफलता जनसहभागिता पर निर्भर है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि एवं प्रदेश के दुग्ध विकास एवं पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार के व्यापक वृक्षारोपण अभियान की सराहना करते हुए सभी से अधिकाधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।

महापौर डॉ. उमेश गौतम, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह एवं बहोरन लाल मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल तथा

कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने भी पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और प्रत्येक नागरिक को इस अभियान से जोड़ने पर बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। वन विभाग, WWF तथा हस्तशिल्प से जुड़ी प्रदर्शनी में जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन, वन्यजीव संरक्षण और स्थानीय हस्तशिल्प की जानकारी दी गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित महायज्ञ ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और प्रेरणादायी बना दिया।

मुख्य आकर्षण के रूप में सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, वनकर्मियों, आईटीबीपी जवानों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने सामूहिक रूप से वृक्षारोपण कर पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।

समापन अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है और वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब पौधों का संरक्षण भी पूरी जिम्मेदारी से किया जाए।

कार्यक्रम में मुख्य वन संरक्षक पी.पी. सिंह, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एसपी सिटी मानुष पारिक, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, आईटीबीपी कमांडेंट एस. झा, जिला सूचना अधिकारी नीतू कन्नौजिया, समाजसेवी अनिल सक्सेना सहित वन विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संस्थाएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!