The Voice of Bareilly since 2010

नाथ नगरी जलाभिषेक समिति के विशाल रुद्राभिषेक में उमड़ी आस्था, बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में हुआ भव्य श्रृंगार

bareillylive:bareillynews:नाथ नगरी जलाभिषेक समिति के विशाल रुद्राभिषेक में उमड़ी आस्था, बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में हुआ भव्य श्रृंगार

बरेली नाथ नगरी बरेली जलाभिषेक समिति के तत्वावधान में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम के प्रथम चरण में बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में विशाल सामूहिक रुद्राभिषेक एवं भगवान शिव का भव्य श्रृंगार किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आस्था और भक्ति का अद्भुत परिचय दिया।


कार्यक्रम की शुरुआत समिति के अध्यक्ष बृजवासी लाल अग्रवाल के निर्देशन में श्यामगंज मंदिर से नाथ नगरी चालीसा एवं हनुमान चालीसा के पाठ के साथ हुई।

श्रद्धालु अपने वाहनों पर नंदी ध्वज लगाकर, गले में गंगाजली और माथे पर केसरिया पट्टी धारण कर जलाभिषेक शोभायात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा श्यामगंज मंदिर से गंगापुर चौराहा, मूर्ति नर्सिंग होम, मैकनियर रोड और सूद धर्मकांटा होते हुए बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर पहुंची।


मंदिर में पंडित आशुतोष शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सामूहिक रुद्राभिषेक संपन्न कराया। श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, दही, शहद, धतूरा, वस्त्र, रुद्राक्ष, माला एवं नंदी ध्वज अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का भव्य श्रृंगार किया।

आरती एवं प्रसाद वितरण के बाद श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में दर्शन कर ‘ॐ नमः शिवाय’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष लगाए।


शोभायात्रा के मार्ग में गंगापुर चौराहा, मूर्ति नर्सिंग होम, सूद धर्मकांटा तथा बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

समिति के मीडिया प्रभारी मनोज देवल ने बताया कि कार्यक्रम का द्वितीय चरण 20 जुलाई को बाबा अलखनाथ मंदिर में विशाल सामूहिक रुद्राभिषेक के साथ आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर समिति के अनेक पदाधिकारी एवं शिवभक्त उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!