The Voice of Bareilly since 2010

सीएमओ ने किया विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का निरीक्षण

bareillylive:bareillynews:सीएमओ ने किया विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का निरीक्षण


बरेली, 13 जुलाई 2026


विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत जनपद में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने विकासखंड फतेहगंज पश्चिमी के अतिसंवेदनशील ग्राम टीहरखेड़ा का स्थलीय निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा निरीक्षण के दौरान ग्रामसभा में नालियों की सफाई एवं झाड़ियों की कटाई अपेक्षित स्तर पर नहीं पाई गई। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने एडीओ पंचायत एवं ग्राम प्रधान को तत्काल सफाई अभियान तेज करने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम में स्वच्छ वातावरण की महत्वपूर्ण भूमिका है और इसमें सभी विभागों के समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।


मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए उन्होंने ग्राम स्तर पर कार्ययोजना बनाकर नियमित रूप से एंटीलार्वा छिड़काव एवं साप्ताहिक फॉगिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि डेंगू, मलेरिया एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों के प्रसार को प्रभावी ढंग से रोका जा सके।


निरीक्षण के दौरान जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ प्रशांत रंजन ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पूरी बांह के कपड़े पहनें, मच्छरदानी का उपयोग करें, घर एवं आसपास जलभराव न होने दें, साफ-सफाई बनाए रखें तथा बुखार आने पर स्वयं उपचार करने के बजाय निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि मलेरिया की पुष्टि होती है तो चिकित्सक द्वारा निर्धारित दवाओं का पूरा कोर्स अवश्य पूरा करें।


भ्रमण के दौरान एक मलेरिया मरीज की दवा सेवन की भी समीक्षा की गई और उसे उपचार का पूरा कोर्स पूरा करने की सलाह दी गई, जिससे संक्रमण पूरी तरह समाप्त हो सके और बीमारी दोबारा न उभरे।


निरीक्षण के समय जिला मलेरिया अधिकारी सत्येंद्र सिंह ने बताया कि अब तक इस वर्ष जनपद में 214 मलेरिया केस चिन्नीहित हुए हैँ।


भ्रमण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ संचित शर्मा, एडीओ पंचायत, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक, ग्राम प्रधान, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर (बीसीपीएम), आशा कार्यकर्ता तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!