बरेलीलाइव:bareillylive:बरेलीन्यूज 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा, बरेली में संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने दिया बूथ विजय का मंत्र
शक्तिकेंद्रों को बनाया चुनावी रणनीति का केंद्र, कार्यकर्ताओं से कहा— हर बूथ पर मजबूत संगठन और सतत संवाद ही दिलाएगा ऐतिहासिक जीत
बरेली। आगामी 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार को बरेली पहुंचे भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने संगठन के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार कई महत्वपूर्ण बैठकें कर चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन और संगठन की मजबूती पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा की चुनावी सफलता का सबसे मजबूत आधार बूथ स्तर का सशक्त संगठन होगा और प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ निभानी होगी।
बैठक में शक्तिकेंद्र संयोजकों, मंडल अध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों, निवर्तमान पदाधिकारियों, अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों सहित संगठन के विभिन्न दायित्वधारियों को संबोधित करते हुए धर्मपाल सिंह ने कहा कि बूथ और मंडल के बीच शक्तिकेंद्र सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। संगठन के सभी अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रम और सेवा गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में शक्तिकेंद्रों की भूमिका निर्णायक होगी।
उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव केवल चुनाव नहीं बल्कि संगठन की वर्षों की मेहनत की परीक्षा है। इसके लिए अभी से प्रत्येक बूथ पर सक्रिय टीम तैयार करनी होगी।
कार्यकर्ताओं से उन्होंने अपील की कि प्रत्येक बैठक में डायरी लेकर आएं, सभी कार्यक्रमों का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखें तथा बूथ स्तर पर होने वाली बैठकों, संपर्क अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों का पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज करें। उन्होंने कहा कि नियमित समीक्षा, समयबद्ध कार्ययोजना और लगातार फॉलोअप से ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ता है। संगठन में प्रत्येक व्यक्ति को उसकी क्षमता, अनुभव और कार्यशैली के अनुरूप जिम्मेदारी दी जाएगी ताकि हर स्तर पर बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन के निवर्तमान पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और पुराने कार्यकर्ताओं का अनुभव पार्टी की अमूल्य पूंजी है और आगामी चुनाव में उनकी भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण रहेगी।
अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक में धर्मपाल सिंह ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकारों की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की नीतियों की प्रेरणा बाबा साहेब के सामाजिक न्याय के दर्शन से मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पंचतीर्थ के विकास सहित अनेक कार्यों के माध्यम से बाबा साहेब को सच्ची श्रद्धांजलि दी गई है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सबसे अधिक लाभ अनुसूचित वर्ग, गरीब, वंचित और पिछड़े समाज को मिला है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सरकार की योजनाओं और संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं तथा घर-घर संवाद स्थापित कर भाजपा को 2027 में ऐतिहासिक विजय दिलाने के लिए अभी से जुट जाएं।
बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा, प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, भाजपा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, प्रदेश मंत्री सुभाषिनी जायसवाल, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार,कैन्ट विधायक संजीवअग्रवाल , जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, मेयर डॉ. उमेश गौतम सहित बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं और पीलीभीत के जिला एवं महानगर अध्यक्ष, वरिष्ठ पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में संगठनात्मक विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और आगामी चुनावी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तृत चर्चा की गई। पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से संगठन की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और प्रत्येक बूथ को भाजपा की सबसे मजबूत इकाई बनाने का आह्वान किया।






Leave a Reply