bareillylive:bareillynews:बैंक ऑफ बड़ौदा का बड़ा कदम: बेरोजगार युवाओं के लिए निशुल्क कौशल विकास एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण शुरू
बरेली। बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा संचालित बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (RSETI) ने बेरोजगार युवक-युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से निशुल्क कौशल विकास एवं उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। यह संस्थान भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित किया जा रहा है। संस्थान का कार्यालय बरेली में 07, नशेमन कॉलोनी, पीलीभीत बाईपास रोड पर स्थित है।
संस्थान के अनुसार 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवक-युवतियां, जो स्वरोजगार या रोजगार प्राप्त करने के इच्छुक हैं तथा संबंधित क्षेत्र का सामान्य ज्ञान रखते हैं, इस प्रशिक्षण में निःशुल्क भाग ले सकते हैं। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभागियों को सुबह का नाश्ता और दोपहर का भोजन भी निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
संस्थान में राष्ट्रीय कौशल योग्यता रूपरेखा (NSQF) के अनुरूप डेयरी, फास्ट फूड स्टॉल, कस्टम ज्वेलरी, मोमबत्ती निर्माण, जूट उत्पाद, महिला परिधान सिलाई, जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर, कृषि उद्यमिता, अगरबत्ती निर्माण, मशरूम उत्पादन, मोबाइल रिपेयरिंग, किराना स्टोर प्रबंधन, पापड़, अचार एवं मसाला निर्माण सहित अनेक रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
संस्थान का उद्देश्य युवाओं को केवल प्रशिक्षण देना ही नहीं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार स्थापित करने, बैंक ऋण प्राप्त करने में मार्गदर्शन देने तथा उद्यम स्थापित होने तक हर संभव सहयोग उपलब्ध कराना भी है। बैंक ऑफ बड़ौदा ने पात्र युवक-युवतियों से इस निःशुल्क प्रशिक्षण का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने की अपील की है।






Leave a Reply