The Voice of Bareilly since 2010

गाली देने का विरोध पड़ा भारी, दबंग पड़ोसियों ने महिला व दो बेटों पर लाठी-डंडों और ईंट से किया हमला

bareillylive:bareillynews:गाली देने का विरोध पड़ा भारी, दबंग पड़ोसियों ने महिला व दो बेटों पर लाठी-डंडों और ईंट से किया हमला

बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र के संजय नगर स्थित गुसाई गोटिया में गाली-गलौज का विरोध करने पर एक महिला और उसके दो बेटों के साथ कथित रूप से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंग पड़ोसियों ने लाठी-डंडों और ईंट से हमला कर महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जबकि उसके दोनों बेटों को भी चोटें आई हैं। घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल रुचि (35), पत्नी सुरेश कुमार, ने बताया कि उनके घर के सामने रहने वाला पूरनलाल आए दिन शराब के नशे में गाली-गलौज करता है। कई बार विरोध करने के बावजूद उसकी हरकतों में कोई सुधार नहीं हुआ। इसी बात को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो चुकी थी।

पीड़िता के अनुसार, मंगलवार को वह अपने दोनों बेटों के साथ किसी काम से जा रही थीं। रास्ते में पूरनलाल, उसकी पत्नी मीना, शिवम, बबलू और तनु ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों तथा ईंट से हमला कर दिया। हमले में रुचि के सिर में ईंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनके दोनों बेटों को भी चोटें आईं।

घटना के बाद परिजनों ने घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित पक्ष ने थाना बारादरी में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!