The Voice of Bareilly since 2010

बरेली में ऑक्सीजन सिलिंडर से भरे कैंटर ने स्कॉर्पियो को रौंदा, पंजाब के तीन लोगों की मौके पर मौत, दो घायल

bareillylive:bareillynews:बरेली में ऑक्सीजन सिलिंडर से भरे कैंटर ने स्कॉर्पियो को रौंदा, पंजाब के तीन लोगों की मौके पर मौत, दो घायल

बरेली के बरेली-पीलीभीत हाईवे पर गुरुवार सुबह निर्माणाधीन वनवे मार्ग पर ऑक्सीजन सिलिंडरों से भरे कैंटर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने भीषण भिड़ंत में पंजाब के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।

पुलिस के अनुसार सभी लोग लखीमपुर खीरी के पलिया से पंजाब लौट रहे थे। जैसे ही उनकी स्कॉर्पियो नवाबगंज थाना क्षेत्र के इनायतपुर गांव के पास निर्माणाधीन हिस्से में पहुंची, सामने से आ रहे कैंटर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।


हादसे में पंजाब के फतेहगढ़ निवासी भूपेंद्र कौर (62) और हरजीत सिंह (60) व लुधियाना निवासी संतोष सिंह (65) की मौत हो गई। वहीं स्कॉर्पियो चालक मुकुंद सिंह और लाडी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां हाईवे का निर्माण कार्य चल रहा है।

निर्माण के चलते सड़क को वनवे कर दिया गया था। पुलिस का मानना है कि तेज रफ्तार और वनवे व्यवस्था के बीच हुई चूक इस भीषण दुर्घटना की बड़ी वजह हो सकती है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।


हादसे में शामिल कैंटर में बड़ी संख्या में ऑक्सीजन सिलिंडर लदे थे। पुलिस ने कैंटर चालक पंचम लाल, निवासी मथुरापुर, को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर तकनीकी जांच कराई जा रही है। सूचना मिलते ही नवाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

घायलों को अस्पताल भेजने के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!