The Voice of Bareilly since 2010

धान खरीद के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी, रिछा के दो मिलर्स बांदा पुलिस के हत्थे चढ़े

बरेलीलाइव:बरेलीन्यूज:धान खरीद के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी, रिछा के दो मिलर्स बांदा पुलिस के हत्थे चढ़े

न्यायालय से वारंट जारी होने के बाद रिछा में दबिश देकर की गिरफ्तारी

देवरनियां। चावल नगरी के नाम से प्रसिद्ध रिछा कस्बे के दो राइस मिल संचालकों को धान खरीद के नाम पर लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में बांदा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ बांदा जिले में मुकदमा दर्ज था और न्यायालय में लगातार गैरहाजिर रहने पर उनके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।

जानकारी के अनुसार, रिछा स्थित निशा राइस मिल से जुड़े व्यापारी फजलुर्रहमान उर्फ गुड्डू पुत्र जमील अहमद और खलीक अहमद पुत्र जमील अहमद के खिलाफ बांदा जिले के थाना बिसंडा क्षेत्र के ग्राम ओरन निवासी एक व्यापारी ने 21 मार्च 2025 को धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि दोनों ने धान खरीदने का झांसा देकर विश्वास में लिया और लाखों रुपये का गबन कर लिया।

मामले की जांच पूरी होने के बाद बिसंडा पुलिस ने आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया था, लेकिन दोनों आरोपी लगातार न्यायालय में पेश नहीं हुए। इस पर अदालत ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया।

वारंट के अनुपालन में बिसंडा थाने के दरोगा सतीश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम बरेली पहुंची। देवरनियां कोतवाली पुलिस को सूचना देने के बाद स्थानीय पुलिस के साथ रिछा कस्बे में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद बांदा पुलिस दोनों आरोपियों को अपने साथ ले गई, जहां उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!