आदर्श कांवड़ यात्रा 2026 को अनुशासित और धार्मिक बनाने की तैयारी, बरेली में संतों व समाजसेवियों की अहम बैठक
bareillylive:bareillynews:बरेली। महादेव सेवा समिति, नाथ नगरी बरेली धाम की ओर से आदर्श कांवड़ यात्रा 2026 को सफल, सुरक्षित, अनुशासित एवं धार्मिक प्रेरणादायी बनाने के उद्देश्य से बाबा त्रिवटी नाथ मंदिर के सत्संग भवन में एक महत्वपूर्ण विचार-विमर्श बैठक आयोजित की गई। बैठक में महामंडलेश्वर शिवानंद शास्त्री, महामंडलेश्वर डॉ. शिवानंद, पंडित, के.के. शंखधर, पंडित सुशील पाठक, नरेंद्र जी, संजीव गौड़, अनिल मिश्रा सहित अनेक संत, समाजसेवी और कांवड़ जत्थों के प्रमुख शामिल हुए। सभी ने यात्रा को शांतिपूर्ण, मर्यादित और धर्मपरायण ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया।
बैठक के मुख्य आयोजक दुर्गेश कुमार गुप्ता ने बताया कि समिति इस वर्ष बरेली में आदर्श कांवड़ यात्रा के आयोजन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संतों, महंतों, समाज चिंतकों और विभिन्न कांवड़ जत्थों के प्रमुखों के साथ यात्रा की रूपरेखा तैयार की गई है। निर्णय लिया गया कि जनजागरण अभियान चलाकर तेज आवाज वाले ध्वनि वादन, अमर्यादित भजनों और अनुशासनहीन गतिविधियों से बचने का संदेश दिया जाएगा। साथ ही देव-स्वरूपों को सड़कों पर नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत करने तथा किसी भी प्रकार के शक्ति प्रदर्शन से परहेज करने की अपील की जाएगी।
महामंडलेश्वर शिवानंद शास्त्री ने कहा कि आदर्श कांवड़ यात्रा के लिए भगवा जारी किया जाएगा और आयोजक यातायात नियमों का पालन कराते हुए यात्रा निकालेंगे। संजीव गौड़ ने भी अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने पर बल देते हुए कहा कि यात्रा के दौरान अमर्यादित गानों पर पूरी तरह रोक होनी चाहिए। पंडित सुशील पाठक ने मार्ग में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हिंदू संगठनों द्वारा सेवा शिविर और उचित व्यवस्थाएं किए जाने की आवश्यकता बताई।
प्रख्यात कवि रोहित राकेश ने कहा कि झांकियों में देव-स्वरूपों को नचाना और धर्म का उपहास करना उचित नहीं है। वहीं वरिष्ठ व्यापारी संजीव अवतार और व्यापारी नेता अनिल पटेल ने आश्वासन दिया कि इस बार व्यापारी वर्ग आदर्श कांवड़ यात्रियों का भव्य स्वागत और सम्मान करेगा।
बैठक में जितेंद्र अग्रवाल, के.पी. गोस्वामी, गब्बर शर्मा बानखाना, सोनी सक्सेना, मनीष पाठक, मनीष चंडोक, कुष्पाल गोस्वामी, आशु अग्रवाल, बिंदु राय, अमित राठौर, संजीव शर्मा, गोविंद पटवा, कुणाल देवल, अनुज कश्यप, सरदार अमरजीत सिंह, लवलीन कपूर, विकास मल्होत्रा, मोहित गुप्ता, पंकज ककड़, नितेश रस्तोगी, नीतीश कपूर, नितेश वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में समिति ने जनता से संयम, अनुशासन और धार्मिक मर्यादा के साथ कांवड़ यात्रा में सहभागिता करने की अपील की






Leave a Reply