The Voice of Bareilly since 2010

व्हाट्सएप हैक कर डॉक्टर के नाम पर मांगे रुपये, कई लोग साइबर ठगी का हुए शिकार

bareillylive:bareillynews:व्हाट्सएप हैक कर डॉक्टर के नाम पर मांगे रुपये, कई लोग साइबर ठगी का हुए शिकार

बरेली। साइबर अपराधियों ने एक बार फिर लोगों को निशाना बनाते हुए वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सत्येंद्र सिंह का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर उनके परिचितों से रुपये मांग लिए।

इस दौरान कुछ लोगों ने संदेश को सही मानते हुए रुपये भी ट्रांसफर कर दिए और साइबर ठगी का शिकार हो गए। डॉ. सत्येंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें एक कथित कूरियर कंपनी से फोन आया। कॉल करने वाले ने पार्सल में पता गलत होने की बात कहते हुए दूसरे नंबर पर संपर्क करने के लिए कहा।

जैसे ही उन्होंने उस नंबर पर कॉल किया, उनका मोबाइल कॉल डाइवर्ट हो गया और कुछ ही देर में उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया। इसके बाद साइबर ठगों ने उनके व्हाट्सएप का इस्तेमाल कर परिचितों को मैसेज भेजे और तत्काल पैसों की जरूरत बताकर रुपये मांगने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही डॉ. सत्येंद्र सिंह ने साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराई और लोगों से अपील की कि उनके नाम पर किसी भी प्रकार की धनराशि भेजने से पहले सीधे फोन कर पुष्टि अवश्य करें।

उन्होंने कहा कि बिना सत्यापन के किसी भी ऑनलाइन भुगतान से बचें।
गौरतलब है कि इससे पहले बरेली के पूर्व नगर आयुक्त शीलधर यादव का भी व्हाट्सएप हैक कर साइबर ठगों ने उनके परिचितों से रुपये मांगने का प्रयास किया था।

वहीं कुछ समय पूर्व शहर के नगर के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. ओ.पी. भास्कर का फेसबुक अकाउंट हैक कर भी इसी तरह की ठगी को अंजाम दिया गया था।


लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों को देखते हुए विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करने से बचें। यदि किसी परिचित के नंबर से अचानक पैसों की मांग का संदेश मिले तो पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर उसकी पुष्टि करें।

थोड़ी सी सतर्कता आपको साइबर ठगी का शिकार होने से बचा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!