bareillylive:bareillynews:धान की रोपाई के रुपये के विवाद में किसान की पीट-पीटकर हत्या, दो हिरासत में
बरेली। आंवला थाना क्षेत्र के गांव करुआताल में धान की रोपाई के रुपये के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दबंग पड़ोसियों ने एक किसान की लाठी-डंडों और ईंटों से हमला कर कथित रूप से हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।
मृतक के भाई कुंवरपाल के अनुसार, धान की पौध लगाने के रुपये को लेकर पूरनलाल के बेटे धर्मेंद्र और पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया।
शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे पूरनलाल पर यादराम, भगवानदास, मोकमपाल और भानुप्रताप ने लाठी-डंडों व ईंटों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उनका गला भी दबाया और उन्हें गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए।
परिजन आनन-फानन में पूरनलाल पुत्र मानसिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी और नौ बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आंवला पुलिस का कहना है कि तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।






Leave a Reply