The Voice of Bareilly since 2010

जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में सपाइयों का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

bareillylive:bareillynews:जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में सपाइयों का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

बरेली। रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के भवनों पर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण कार्रवाई के विरोध में सोमवार को समाजवादी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इसके बाद महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपकर कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।


प्रदर्शन के दौरान बहेड़ी विधायक अताउर्रहमान, सपा जिलाध्यक्ष सुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन, पूर्व सांसद वीरपाल सिंह , डॉक्टर अनीस बेग और प्रमोद यादव समेत अन्य नेताओं ने कहा कि रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के परिसर में बने 40 भवनों में से 38 भवनों को अवैध बताते हुए ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी किया गया है।

उनका कहना था कि विश्वविद्यालय में हजारों छात्र-छात्राएं विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत हैं और यदि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होती है तो उनकी पढ़ाई बाधित होगी तथा उनका भविष्य प्रभावित होगा।


सपा नेताओं ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक छात्र का संवैधानिक अधिकार है। ऐसे में किसी भी कार्रवाई से पहले विद्यार्थियों के हितों और उनके भविष्य को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय के निर्माण में सैकड़ों करोड़ रुपये की लागत लगी है, इसलिए मानवीय और व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाते हुए सरकार को इस मामले में पुनर्विचार करना चाहिए।


ज्ञापन के माध्यम से राज्यपाल से अनुरोध किया गया कि प्रदेश सरकार को आवश्यक निर्देश देकर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए, ताकि विश्वविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की शिक्षा और भविष्य सुरक्षित रह सके।


प्रदर्शन के दौरान आरिफ कुरैशी, गौरव सक्सेना, विधायक सहजिल इस्लाम , विधायक अताउर्रहमान , राजेश अग्रवाल , अगम मौर्य , मनोहर पटेल , शमीम खा सुल्तानी , सुभलेश यादव , इंद्रपाल सिंह , हसनैन खा , अवनेश कुमार , संजीव कुमार सक्सेना, भद्रसेन गंगवार, जोगेन्द्र सिंह , अशोक यादव , जितेंद्र , पीयूष वर्मा आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!