The Voice of Bareilly since 2010

डिप्टी सीएम की बरेली में हाई-लेवल समीक्षा बैठक, विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था पर अफसरों से जवाब-तलब

बरेली@bareillylive। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को बरेली पहुंचे, जहां उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जिले के विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था और सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया गया और लंबित परियोजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।


बैठक के दौरान सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, नगर विकास, सिंचाई, राजस्व समेत विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गई। साथ ही कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जन शिकायतों के निस्तारण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई।


सूत्रों के अनुसार, उपमुख्यमंत्री ने विभागवार कार्यों की प्रगति का बारीकी से परीक्षण करते हुए धीमी गति से चल रही परियोजनाओं और लंबित कार्यों पर संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा। उन्होंने सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने और उनका लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।


समीक्षा बैठक में महापौर उमेश गौतम, वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं प्रशासनिक स्तर पर मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य तथा सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी बैठक में शामिल हुए।


बैठक के दौरान विकास कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और जनहित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी चर्चा हुई। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने तथा जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!