वेबसाइट और दवा व्यापारिक जानकारी सार्वजनिक करने के आदेश का विरोध, वन एवं पर्यावरण मंत्री को सौंपा ज्ञापन

bareillylive@fवेबसाइट और दवा व्यापारिक जानकारी सार्वजनिक करने के आदेश का विरोध, वन एवं पर्यावरण मंत्री

IMA, NIMA, थोक एवं फुटकर दवा व्यापारियों ने मुख्यमंत्री तक मामला पहुंचाने की मांग की

@bareillylive :उत्तर प्रदेश शासन द्वारा 1 अक्टूबर 2026 को दवा विक्रेताओं के लिए वेबसाइट बनाने, दवाओं की उपलब्धता एवं साप्ताहिक स्टॉक सार्वजनिक करने तथा अस्पताल परिसर की फार्मेसियों के खरीद-विक्रय मूल्य प्रदर्शित करने संबंधी जारी आदेश के विरोध में बरेली के चिकित्सकों और दवा व्यापारियों के विभिन्न संगठनों ने एकजुट होकर विधायक एवं वन एवं पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार सक्सेना से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि आदेश से जुड़ी समस्याओं और व्यापारियों की आपत्तियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाकर तत्काल पुनर्विचार कराया जाए।

दवा व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि वे मरीजों को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने और दवा मूल्य पारदर्शिता के उद्देश्य के विरोधी नहीं हैं। लेकिन इसके लिए प्रत्येक व्यापारी पर अलग-अलग डिजिटल दायित्व थोपने के बजाय सरकार या NPPA द्वारा केंद्रीकृत, प्रमाणित एवं समान दवा मूल्य पोर्टल विकसित किया जाना अधिक उचित और व्यावहारिक विकल्प होगा।

प्रतिनिधियों ने मांग की कि आदेश को तत्काल स्थगित कर उसके वैधानिक आधार और व्यावहारिक प्रभावों की समीक्षा की जाए। साथ ही IMA, NIMA, थोक एवं फुटकर दवा व्यापारियों, फार्मासिस्टों और अन्य हितधारकों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर सहमति से नई SOP और न्यायसंगत नीति बनाई जाए।

इस अवसर पर बरेली रिटेल केमिस्ट वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष विजय श्रीवास्तव ने कहा कि मरीज हित और दवा मूल्य पारदर्शिता के नाम पर दवा व्यापारियों की व्यापारिक गोपनीयता, वैध अधिकार और सम्मान प्रभावित नहीं होना चाहिए। जिला बरेली केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष दुर्गेश खटवानी ने प्रत्येक मेडिकल स्टोर पर वेबसाइट और नियमित डिजिटल अपडेट की अनिवार्यता को अतिरिक्त बोझ बताया।

एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने कहा कि खरीद-बिक्री मूल्य के अंतर को व्यापारी का वास्तविक लाभ मानना सही नहीं है। सचिव रितेश मोहन गुप्ता ने सरकारी प्रमाणित केंद्रीय मूल्य पोर्टल की आवश्यकता पर जोर दिया और आदेश को व्यापारी-मरीज विवाद का कारण बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।

सचिव अंकित भाटिया ने साप्ताहिक स्टॉक अपडेट की कठिनाइयों और मरीजों को गलत जानकारी मिलने की आशंका व्यक्त की। कोषाध्यक्ष अमित कंचन ने व्यापारियों पर आर्थिक एवं तकनीकी बोझ की चिंता जताई, जबकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश खटवानी ने आदेश के वैधानिक आधार और अधिकार क्षेत्र की स्पष्टता की मांग की। मनोज खटवानी ने कहा कि चिकित्सक, फार्मासिस्ट और दवा व्यापारी मरीज के सहयोगी हैं और ऐसी व्यवस्था नहीं होनी चाहिए जिससे आपसी विश्वास प्रभावित हो।

इस अवसर पर अजय शर्मा, देशराज यादव, डॉ. हिमांशु अग्रवाल, डॉ. नितिन गंगवार, प्रभु दयाल लोधी, विजय मूलचंदानी, मोहित पांडेय, दीपक सूरी, संजय पागरानी और संजीव चांदना सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा दवा व्यापारी उपस्थित रहे। सभी प्रतिनिधियों ने एक स्वर में मांग की कि आदेश को तत्काल स्थगित कर शासन स्तर पर पुनर्विचार किया जाए और मरीज हित, उचित दवा मूल्य, वैधानिक अनुपालन तथा दवा व्यापारियों के अधिकारों के बीच संतुलन स्थापित करने वाली नीति बनाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!