The Voice of Bareilly since 2010

रमेश गौतम एवं उपमेंद्र सक्सेना को गगन साहित्य सम्मान-2026 से सम्मानित

bareillylive@bareillynews:रमेश गौतम एवं उपमेंद्र सक्सेना को गगन साहित्य सम्मान-2026 से सम्मानित

बरेली। साहित्यिक संस्था साहित्य सुरभि के तत्वावधान में स्टेडियम रोड स्थित लोक खुशहाली सभागार में वरिष्ठ कवि राममूर्ति गौतम गगन की जयंती के अवसर पर पुस्तक विमोचन, सम्मान समारोह एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्यकार रणधीर प्रसाद गौड़ धीर ने की। मुख्य अतिथि खुशलोक अस्पताल के निदेशक एवं समाजसेवी डॉ. विनोद पागरानी रहे।

विशिष्ट अतिथियों में मशहूर शायर विनय सागर जायसवाल, हिमांशु श्रोत्रिय निष्पक्ष, रमेश गौतम, डॉ. शिवशंकर यजुर्वेदी, कमल सक्सेना और सुरेश ठाकुर शामिल रहे।


कार्यक्रम के दौरान साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए नवगीतकार रमेश गौतम एवं गीतकार उपमेंद्र सक्सेना एडवोकेट को गगन साहित्य सम्मान-2026 से विभूषित किया गया। संस्था के अध्यक्ष रामकुमार कोली एवं महासचिव डॉ. राजेश कुमार शर्मा ककरेली ने दोनों साहित्यकारों को शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।


इस अवसर पर स्व. राममूर्ति गौतम गगन द्वारा रचित पुस्तक श्री सद्गुरु शरणम् का अतिथियों ने विधिवत लोकार्पण किया। अंतिम सत्र में नगर एवं बाहर से आए कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से गगन जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके साहित्यिक योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार एवं कवि मौजूद रहे। संचालन कवयित्री किरन प्रजापति दिलवारी ने किया। आयोजन ने साहित्य प्रेमियों को रचनात्मक अभिव्यक्ति और साहित्यिक संवाद का अवसर प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!